हालात अनियंत्रित, मोदी एकमात्र विकल्प : बादल

हालात अनियंत्रित, मोदी एकमात्र विकल्प : बादल

लुधियाना : पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने आज दावा किया कि महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के चलते देश में स्थिति नियंत्रण से बाहर हो चुकी है तथा मतदाताओं के समक्ष नरेंद्र मोदी ही एकमात्र विकल्प हैं। बादल ने संप्रग सरकार पर सभी मोर्चों पर असफल रहने का आरोप लगाया।

उन्होंने एसोसिएशन आफ मेडिकल बायोकेमिस्ट्स आफ इंडिया के वार्षिक सम्मेलन के इतर यहां संवाददाताओं से कहा, ‘देश में मतदाताओं के समक्ष नरेंद्र मोदी ही एकमात्र विकल्प हैं क्योंकि कांग्रेस नीत संप्रग सरकार सभी मोर्चों पर पूरी तरह से असफल रही है।’ उन्होंने दावा किया कि ‘देश कांग्रेस के हाथों में सुरक्षित नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘महंगाई, भ्रष्टाचार, और बेरोजगारी के मामले में देश की स्थिति नियंत्रण से बाहर चली गई है।’

बादल ने कहा, ‘संप्रग सरकार देश की आंतरिक के साथ ही बाहरी सुरक्षा के मुद्दे पर भी बुरी तरह से असफल रही है।’ उन्होंने सवाल किया, ‘हम कितनी बार ऐसी सरकार को आजमाएंगे जिसे बार-बार आजमाया गया।’ उन्होंने 1984 के दंगों के लिए भी कांग्रेस पर हमला किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर साम्प्रदायिकता को हवा देने का आरोप लगाने से पहले सिख विरोधी दंगे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘यह संदेह से परे साबित हुआ है कि वह कांग्रेस और उसके नेता थे जिन्होंने 1984 में एक विशेष समुदाय के खिलाफ पूरी हिंसा की योजना बनायी।’ (एजेंसी)

First Published: Saturday, November 16, 2013, 20:24

comments powered by Disqus