भाजपा-कांग्रेस ने कहा, हम जनलोकपाल विधेयक के खिलाफ नहीं

भाजपा-कांग्रेस ने कहा, हम जनलोकपाल विधेयक के खिलाफ नहीं

नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा में जन लोकपाल विधेयक पेश नहीं होने के बाद भाजपा नेता हर्षवर्धन ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी विधेयक के खिलाफ नहीं है और आप सरकार से 100 गुना ज्यादा बार इसका समर्थन करती है। जबकि दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह ने कहा है कि उनकी पार्टी ने जनलोकपाल विधेयक के खिलाफ नहीं, बल्कि उपराज्यपाल द्वारा दिए गए संदेश के पक्ष में मतदान किया।

हषर्वर्धन ने कहा, ‘हम जन लोकपाल विधेयक के खिलाफ नहीं हैं। हम आप सरकार से 100 गुना अधिक बार इसका समर्थन करते हैं।’ कांग्रेस और भाजपा के मिले होने के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हर्षवर्धन ने कहा कि केजरीवाल लगातार झूठ बोलकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘उन्हें झूठ बोलना और इस तरह के बेबुनियाद आरोप लगाना बंद करना चाहिए।’

सिंह ने कहा, ‘हमने हमेशा ही कहा है कि हम जनलोपाल के पक्ष में हैं। आज हमने विधेयक के खिलाफ नहीं, बल्कि उपराज्यपाल द्वारा विधानसभा को दिए गए संदेश के पक्ष में मतदान किया।’ विधानसभा स्थगित होने के बाद सिंह ने कहा, ‘हम चाहते हैं कि विधेयक संविधान में मौजूद प्रक्रिया के मुताबिक लाया जाए। हम अरविंद केजरीवाल और इस सरकार के खिलाफ नहीं हैं।’ सिंह ने कहा कि क्या वह (केजरीवाल) राष्ट्रपति, दिल्ली के उपराज्यपाल, कानून विशेषज्ञों से अधिक बुद्धिमान हैं तथा क्या वह संविधान से ऊपर हैं? हमारा कहना रहा है कि विधेयक को केंद्र के पास भेजा जाए और हम प्रक्रिया के मुताबिक कुछ दिनों में इसे मंजूरी प्राप्त करा लेंगे। (एजेंसी)

First Published: Friday, February 14, 2014, 21:45

comments powered by Disqus