मिस्र में पुलिस-इस्लामियों के बीच झड़प में 50 की मौत

मिस्र में पुलिस-इस्लामियों के बीच झड़प में 50 की मौत

काहिरा : मिस्र में इस्लामियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में कम से कम 50 व्यक्तियों की मौत हो गई। यह झड़प उस समय हुई जब गत जुलाई में सैन्य तख्तापलट में सत्ता से बेदखल किये राष्ट्रपति मोहम्मद मुर्सी के वफादारों ने रविवार को काहिरा के मध्य चौक पर एकत्रित होने का प्रयास किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया जिससे दोनों के बीच झड़प हुई।

स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी अहमद अल अंसारी ने बताया कि काहिरा में कम से कम 45 लोग मारे गए जबकि पूरे मिस्र में 268 लोग घायल हो गए।

उन्होंने कहा कि ‘अधिकतर मौतें गोलियों से हुई।’ मृतकों की पहचान का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस और इस्लामियों के बीच हुई झड़पों में कल की मौत सबसे अधिक है। गत 14 अगस्त को शुरू हुई हिंसा में अभी तक एक हजार से अधिक व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में अधिकतर इस्लामी हैं।

मध्य काहिरा में पुलिस ने पथराव कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए गोलियां चलाईं और आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस को कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करते और उनकी पिटायी करते हुए देखा गया।

गृह मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि पुलिस ने काहिरा में 423 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया। (एजेंसी)

First Published: Monday, October 7, 2013, 15:01

comments powered by Disqus