Last Updated: Sunday, December 8, 2013, 17:48
टोक्यो : पूर्व चीन महासागर में जापान के नियंत्रण वाले द्वीपों के पास विवादित जलक्षेत्र में रविवार को चीन के तीन जहाज घुस गए। पिछले महीने चीन द्वारा वायु रक्षा क्षेत्र की घोषणा के बाद यह इस तरह की पहली घटना है। जापानी तटरक्षक बल ने यह जानकारी दी।
जापानी तटरक्षक बल ने बताया कि सेनकाकू द्वीपसमूह के एक द्वीप के पास सुबह करीब 9 बजे 12 समुद्री मील जल क्षेत्र में पोत घुस आए। सेनकानू द्वीप समूह पर चीन भी दावा करता है और इसे दियाओयूस के नाम से बुलाता है। चीनी पोतों ने दोपहर के तुरंत बाद यह इलाका छोड़ दिया।
चीन द्वारा नवंबर में वायु रक्षा क्षेत्र की घोषणा करने के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। इसके बाद से पहली बार चीनी तटरक्षक बल का जहाज विवादित जल क्षेत्र में दिखा है।
जापानी तटरक्षक बल के एक अधिकारी ने बताया कि चीन के पोत विवादित जल क्षेत्र में और इसके आसपास आते रहे हैं लेकिन 22 नवंबर के बाद से जलक्षेत्र में नहीं घुसे थे।
जापानी प्रधानमंत्री शिंजो अबे ने द्वीपों की संप्रभुता को लेकर कोई समझौता ना करने की बात कही है और रक्षा क्षेत्र में होने वाला खर्च बढ़ा दिया। उनका मानना है कि जापान समुद्र क्षेत्र में घुसपैठ कर द्वीपों को लेकर स्थिति बदलने की कोशिश कर रहा है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, December 8, 2013, 17:48