Last Updated: Thursday, February 20, 2014, 00:35

रोम : हत्या के आरोपों का सामना कर रहे अपने दो मरीन के मुकदमे के संचालन में देरी से भारत से नाराज इटली ने कहा है कि वह मामले का शीघ्रता से निपटारे के लिए नयी दिल्ली पर दबाव बनाने को लेकर एक बार फिर संयुक्त राष्ट्र, यूरोपीय संघ और यहां तक कि राष्ट्रमंडल का रूख करेगा। उच्चतम न्यायालय द्वारा कल इस मामले की सुनवाई 24 फरवरी तक टाल दिए जाने के बाद इटली ने आरोप लगाया है कि भारतीय अधिकारियों पर संदिग्ध और गैरजिम्मेदाराना बर्ताव करने का आरोप लगाया है।
इस मामले में इतालवी मरीन मासीमिलानो लातोर और साल्वातोर गिरोन संलिप्त हैं। इतालवी मीडिया में आज आई खबरों में कहा गया है कि मामले में लगातार देर होने से दोनों मरीन के परिवार के लोग परेशान हैं। इटली की विदेश मंत्री एम्मा बोनीनो ने कहा है कि वह इस हालत से निपटने के लिए भारत सरकार पर दबाव बनाने को लेकर नाटो से लेकर संयुक्त राष्ट्र और यूरोपीय संघ तक से अपील करेंगी।
उन्होंने स्थानीय मीडिया से कहा, ‘‘यह मामला द्विपक्षीय नहीं बल्कि अंतराष्ट्रीय महत्व का है और इस तरह से इस पर एक समन्वित प्रतिक्रिया की जरूरत है। ’’ उन्होंने कहा कि हम वहां जाकर सैन्य बल से उन्हें वापस नहीं कर सकते हैं लेकिन आनी वाली सरकार के पास कई विकल्प खुले हैं। विदेश मंत्री ने कहा कि रोम यहां तक कि राष्ट्रमंडल सदस्य देशों से इस मामले में रूचि लेने के लिए कहने पर विचार कर रहा है। राष्ट्रमंडल 50 देशों का संगठन है जिनमें से भारत सहित ज्यादातर देश ब्रिटिश उपनिवेश थे।
इतालवी समाचार एजेंसी एएनएसए ने बोनीनो के हवाले से बताया है कि भारत द्वारा आतंकवाद का आरोप लगाए जाने के सवाल पर अनिश्चितता के बीच मरीन कार्यवाही में देरी और पेचीदगियों का शिकार नहीं हो सकते। इस महीने के शुरूआत में इटली ने सख्त समुद्री लूट रोधी कानून के तहत भारत में अपने दो मरीन के खिलाफ मुकदमे को लेकर संयुक्त राष्ट्र को पत्र लिखा था। हालांकि, संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने रोम से इस मुद्दे का हल द्विपक्षीय तरीके से करने को कहा था।
गौरतलब है कि इटली ने कल भारत से अपने राजदूत डेनियल मैनसीनी को परामर्श के लिए वापस बुलाया था। वहीं, रोम में नियुक्त भारतीय राजदूत बसंत कुमार गुप्ता को इटली की नाराजगी से अवगत कराने के लिए विदेश मंत्रालय ने तलब किया। रक्षा मंत्री मारियो मौरो ने कहा कि भारतीय अधिकारियों ने इस मामले में इतालवी धर्य की सीमा पार कर दी है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, February 20, 2014, 00:33