Last Updated: Monday, May 12, 2014, 18:43
लागोस : बोको हरम ने सोमवार को एक नया वीडियो जारी करके नाइजीरिया की लापता स्कूली लड़कियों को दिखाने का दावा किया। संगठन ने कहा कि इन किशोरियों को इस्लाम कबूल करवाया गया है और उसके सभी लड़ाकों को जेल से रिहा किये जाने तक लड़कियों को नहीं छोड़ा जाएगा।
इस वीडियो में एक अज्ञात ग्रामीण क्षेत्र में मुस्लिम पहनावे में नमाज पढ़ती कथित रूप से इन लड़कियों को दिखाया गया। इस वीडियो में इससे पहले 17 मिनट तक संगठन का नेता अबुबकर शेकाउ अपनी बात रखते नजर आया।
बोर्नो प्रांत के उत्तरपूर्वी शहर चिबोक से 14 अप्रैल को कुल 276 लड़कियों का अपहरण किया गया था। इस प्रांत में ईसाई समुदाय बड़ी संख्या में है। पुलिस का कहना है कि 223 अब भी लापता हैं।
फुटेज में दिखाया गया कि करीब 130 लड़कियां काले और भूरे रंग के हिजाब में पेड़ों के पास बैठी हैं और कुरान का पहला अध्याय पढ़ रही हैं। इनमें से तीन लड़कियों से बात कराई गई। दो का कहना था कि वे ईसाई थीं और उनका धर्मांतरण हो गया है जबकि तीसरी का कहना था कि वह मुस्लिम है।
ये लड़कियां शांत नजर आ रही थीं और एक का कहना है कि उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया। हालांकि यह नहीं बताया गया कि यह वीडियो कब का है लेकिन इसकी गुणवत्ता पिछले वीडियो से बेहतर है। (एजेंसी)
First Published: Monday, May 12, 2014, 18:43