Last Updated: Monday, April 7, 2014, 23:21

कीव : यूक्रेन के प्रधानमंत्री अर्सनी यतसेनयुक ने सोमवार को रूस पर आरोप लगाया कि वह पूर्वी यूरोप में अलगाववादी भावना भड़का कर अशांति की एक नई लहर पैदा कर रहा है। यतसेनयुक ने कैबिनेट की एक आपात बैठक में कहा, "रूसी परिसंघ ने एक परिदृश्य तैयार किया है, जिसका लक्ष्य यूक्रेन को तहस-नहस करना है।"
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, रूस समर्थक कार्यकर्ताओं ने रविवार को पूर्वी यूक्रेन में कई सरकारी इमारतों पर कब्जा कर लिया, और मॉस्को के साथ घनिष्ठ रिश्ता बनाने तथा स्थानीय प्रशासन को अधिक अधिकार देने के लिए जनमत संग्रह कराने की मांग की।
यतसेनयुक ने कहा कि कार्यकर्ता इलाके में स्थिति को अस्थिर करना चाह रहे थे, जिसके बाद वे मॉस्को से मदद करने और रूसी भाषी नागरिकों की हिफाजत के लिए हस्तक्षेप करने की अपील करते।
यतसेनयुक ने कहा कि मॉस्को ने अभी तक संयुक्त सीमा से सैनिकों को वापस नहीं बुलाया है। उन्होंने कहा कि रूसी सैनिक यूक्रेन की पूर्वी सीमा से 30 किलोमीटर दूर तैनात हैं। (एजेंसी)
First Published: Monday, April 7, 2014, 23:21