उक्रेन संकट : अमेरिका ने रूस को जी-8 से बाहर करने की दी चेतावनी

उक्रेन संकट : अमेरिका ने रूस को जी-8 से बाहर करने की दी चेतावनी

उक्रेन संकट : अमेरिका ने रूस को जी-8 से बाहर करने की दी चेतावनीज़ी मीडिया ब्यूरो

वाशिंगटन : उक्रेन का संकट दिनोंदिन गहराने के साथ ही अमेरिका और रूस के बीच तल्खी भी बढ़ती जा रही है। इस बीच, अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने रूस को चेतावनी दी है कि उसे आर्थिक प्रतिबंधों के रूप में दुष्परिणाम का सामना करना पड़ सकता है। केरी ने चेतावनी दी है कि रूस को सोच्चि में प्रस्तावित जी-8 सम्मेलन से दूर रखा जा सकता है। केरी ने कहा कि जी-8 सम्मेलन होने की संभावना हालांकि क्षीण हो गई है।

उक्रेन संकट में रूस की भूमिका से खफा अमेरिका, इंग्लैंड और फ्रांस सोच्चि सम्मेलन से पहले होने वाली तैयारी वार्ता से बाहर निकल गए हैं।

केरी ने रूस को चेतावनी देते हुए कहा कि विश्व के शीर्ष औद्योगिक देश रूस को अलग-थलग करने के लिए कई विकल्पों को आजमाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि रूस पर आर्थिक प्रतिबंध, उसकी संपत्तियां जब्त करने, वीजा प्रतिबंध के विकल्प खुले हैं।

एनबीसी चैनल से बातचीत में केरी ने कहा, `उक्रेन संकट पर ऱूस के रवैये में अगर बदलाव नहीं आया तो वह सोच्चि में होने वाले जी-8 सम्मेलन में शरीक नहीं हो पाएगा, यहां तक कि वह जी-8 में भी नहीं रहेगा।`

कैरी ने कहा, ‘उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। अमेरिका एकजुट है और रूस अलग-थलग पड़ गया है। उसकी स्थिति मजबूत नहीं है।’ गौरतलब है कि यूक्रेन पर रूस की चढ़ाई की धमकी को लेकर वैश्विक स्तर पर चिंताएं बढ़ी हैं।

First Published: Monday, March 3, 2014, 10:31

comments powered by Disqus