उद्योग जगत से मुतुरमन, प्रिया पॉल को पद्म पुरस्कार - Zee News हिंदी

उद्योग जगत से मुतुरमन, प्रिया पॉल को पद्म पुरस्कार




नई दिल्ली : टाटा स्टील के उपाध्यक्ष बी. मुत्तुरमन, मुरुगप्पा समूह के सुबैया मुरुगप्पा और एपीजे सुरेन्द्र पार्क होटल्स की चेयरपर्सन प्रिया पॉल उन सात लोगों में शामिल हैं जिनका व्यापार एवं उद्योग जगत से पद्म पुरस्कार के लिये चयन किया गया है।

 

जहां मुत्तुरमन और सुबैया का चयन पद्म भूषण के लिए किया गया है, पॉल और पिरामल हेल्थकेयर की निदेशक स्वाति पिरामल, काइनेटिक ग्रुप के चेयरमैन अरुण हस्तीमल फिरौदिया का चयन पद्म श्री पुरस्कार के लिए किया गया है।
विदेश वर्ग में टीक्यूएम में अंतरराष्ट्रीय मामलों की विशेषज्ञ शोजी शिबा और वित्त विशेषज्ञ गोपीनाथ पिल्लै का भी चयन पद्म श्री पुरस्कार के लिए किया गया है।

 

मुत्तुरमन उद्योग संगठन भारतीय उद्योग परिसंघ के अध्यक्ष भी हैं। आईआईटी मद्रास से बी.टेक मुत्तुरमन ने वर्ष 1966 में टाटा स्टील में आये थे। वेल्लायन सुब्बैया 3.8 अरब डालर के मुरुगप्पा समूह के चेयरमैन हैं और वह भी सीआईआई के अध्यक्ष रह चुके हैं।

 

ब्रिटेन स्थित उद्योगपति लॉर्ड स्वराजपॉल की रिश्तेदार प्रियापॉल अमेरिका से अर्थशास्त्र की स्नातक हैं और वह भारतीय होटल संघ की अध्यक्ष भी हैं। स्वाति पिरामल ने अपने पति अजय पिरामल के साथ मिलकर निकोलस लैबोरेटरीज को बेहतर स्थिति में लाकर उसे बहुराष्ट्रीय कंपनियों के समकक्ष पहुंचा दिया। वर्ष 1988 में इसका कारोबार मात्र 11 करोड़ रुपये था लेकिन आज यह भारत के अलावा अमेरिका, यूरोप सहित 100 देशों को उत्पाद बेच रही है। स्वाति पिरामल उद्योग मंडल एसोचैम की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।  (एजेंसी)

First Published: Wednesday, January 25, 2012, 20:39

comments powered by Disqus