Last Updated: Monday, August 19, 2013, 22:10

नई दिल्ली : चक्का फेंक की एथलीट कृष्णा पूनिया को खेल रत्न पुरस्कार की सूची में शामिल करने और अर्जुन पुरस्कारों की अंतिम सूची पर फैसला करने पर खेल मंत्रालय कल फैसला कर सकता है। खेल मंत्री जितेंद्र सिंह ने आज खेल सचिव पी के देब और भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक जिजि थामसन के साथ बैठक की। इन दोनों के बीच अंतिम निर्णय के लिये कल फिर बैठक होगी। देब ने कहा, अभी तक किसी भी नाम को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। आज हमारी मंत्री के साथ एक दौर की चर्चा हुई लेकिन अभी कोई फैसला नहीं किया गया है। हमारी नामों पर चर्चा के लिये कल फिर बैठक होगी और तब आखिरी फैसला किया जाएगा।
आज की बैठक में कोई फैसला नहीं निकल पाने के कारण यह रहस्य अब भी बना हुआ है कि क्या खेल मंत्रालय अपने अधिकारों का उपयोग करके डबल ट्रैप के निशानेबाज रंजन सोढ़ी के साथ पूनिया का नाम भी शामिल करेगा या नहीं। सोढ़ी के नाम की सिफारिश चयन पैनल ने 13 अगस्त को की थी। खेल मंत्री राष्ट्रीय वालीबाल खिलाड़ी टॉम जोसेफ को लेकर भी अंतिम फैसला करेंगे। रिपोर्ट के अनुसार चयन पैनल ने अर्जुन पुरस्कार के लिये शुरू में उनके नाम को मंजूरी दे दी थी लेकिन बाद में साई अधिकारी की अनुपस्थिति में उसे हटा दिया गया।
ऐसे भी संकेत मिले हैं कि 2012 के लंदन परालम्पिक के रजत पदक विजेता एच एन गिरिशा को खेल रत्न के बजाय अजरुन पुरस्कार देने पर विचार किया जा सकता है। गिरिशा ने 13 अगस्त को खेल मंत्री को पत्र लिखकर कहा कि उनके नाम पर खेल रत्न के लिये विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके नाम पर कम से कम इस साल अजरुन पुरस्कार और अगले साल खेल रत्न के लिये विचार किया जाना चाहिए। (एजेंसी)
First Published: Monday, August 19, 2013, 22:10