Last Updated: Wednesday, August 29, 2012, 10:28

नयी दिल्ली : ओलंपिक के नायक निशानेबाज विजय कुमार और पहलवान योगेश्वर दत्त आज राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न हासिल करेंगे। क्रिकेटर युवराज सिंह समेत 25 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार भी दिया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न खेलों से जुड़े प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार समारोह राष्ट्रपति भवन में होगा।
राष्ट्रपति इसके अलावा ध्यानचंद और तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार भी प्रदान करेंगे। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार हर साल दिये जाते हैं। पिस्टल निशानेबाज विजय ने लंदन ओलंपिक में रजत जबकि पहलवान योगेश्वर ने कांस्य पदक जीता था। उन्हें खेल रत्न के लिये एक पदक, प्रशस्ति पत्र और 7 . 5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। जिन 25 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा उनमें क्रिकेटर युवराज सिंह भी शामिल हैं जिन्होंने कैंसर की खतरनाक बीमारी से उबरकर राष्ट्रीय टीम में वापसी की है।
इस पुरस्कार में अर्जुन की प्रतिमा, प्रशस्ति पत्र, पोशाक और पांच लाख नकद मिलता है। आठ कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार मिलेगा। इसमें एक फलक, प्रशस्ति पत्र, पोशाक और पांच लाख का नकद पुरस्कार दिया जाता है। चार खिलाड़ियों को ध्यानचंद पुरस्कार दिया जाएगा जिसमें उन्हें पांच लाख नकद, एक फलक और प्रशस्ति पत्र मिलेगा। चार लोगों को तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसमें उन्हें प्रतिमा, प्रमाणपत्र और पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, August 29, 2012, 10:09