Last Updated: Monday, September 30, 2013, 12:06
ज़ी मीडिया ब्यूरो/आलोक कुमार रावयोब : नाइजीरिया में इस्लामिक गुट बोको हरम ने एक बार फिर कहर बरपाया है। गुट ने रविवार आधी रात एक स्कूल के डॉरमेट्री में सो रहे छात्रों पर अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें कम से कम 50 छात्रों के मारे जाने की खबर है। एक मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
बोको हरम के करीब 200 सदस्यों ने योब प्रांत स्थित कृषि कॉलेज में हमला किया। यहां छात्र डॉरमेट्री में सो रहे थे। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब नाइजीरिया में तीन दिन बाद स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा।
ज्ञात हो कि बोको हरम देश को इस्लामिक देश बनाना चाहता है और वह पश्चिमी शिक्षा को ‘हराम’ के रूप में देखता है। यह गुट नाइजीरिया में घातक एवं जघन्य हमले करने के लिए कुख्यात है। यह गुट छात्रों को अक्सर निशाना बनाया करता है।
इस चरमपंथी गुट के खिलाफ सुरक्षा बलों ने अभियान चलाया है जिसके बाद हाल के दिनों में सुरक्षा बलों पर हमले में तेजी आई है।
बोको हरम नाइजीरिया की सरकार का तख्तापलट कर वहां इस्लामिक देश की स्थापना करने के लिए संघर्ष कर रहा है।
मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि हमले के बाद छात्रों में दहशत है और हजारों की संख्या में छात्र स्कूल परिसर छोड़कर भाग गए हैं। चरमपंथी गुट ने स्कूल को भारी क्षति पहुंचाई है। उन्होंने कक्षाओं, छात्रावास और प्रशासनिक भवन को नष्ट कर दिया है।
योब प्रांत के अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि झाड़ियों से उन्हें अभी भी शव मिल रहे हैं।
इस बीच राष्ट्रीय टेलीविजन पर राष्ट्रपति जोनाथन गुडलक ने इस हमले की निंदा की है।
First Published: Monday, September 30, 2013, 10:38