Last Updated: Tuesday, August 14, 2012, 09:56
वाशिंगटन : मिस्र के राष्ट्रपति मोहम्मद मुरसी द्वारा रक्षामंत्री हुसैन तांतावी को बर्खास्त किए जाने को मिस्र का आंतरिक मामला करार देते हुए अमेरिका ने कहा है कि उसे मिस्र के सैन्य नेतृत्व में बदलाव का पूर्वानुमान था।
व्हाइट हाउस, विदेश मंत्रालय और पेंटागन के शीर्ष अधिकारियों ने कहा कि उन्हें बदलाव का पूर्वानुमान तो था, लेकिन इसके समय की जानकारी नहीं थी।
गौरतलब है कि बीते रविवार को मिस्र के नए राष्ट्रपति मोहम्मद मुरसी ने फील्ड मार्शल हुसैन तांतावी को बर्खास्त कर दिया था। तांतावी न केवल अमेरिका के करीबी थे, बल्कि वह देश की सेना के शक्तिशाली प्रमुख थे।
अमेरिका ने इस घटनाक्रम को मिस्र का आंतरिक मामला करार दिया लेकिन मिस्र के साथ समान रिश्ता जारी रखने की भी आशा जताई।
व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जे कार्नी ने कहा, हम उम्मीद कर रहे थे कि राष्ट्रपति मुरसी नये रक्षा दल को नियुक्त करने के लिए सेना के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। हम कई साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए मिस्र के असैन्य और सैन्य नेताओं के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, August 14, 2012, 09:56