Last Updated: Sunday, December 23, 2012, 12:43

काहिरा : मिस्र के राष्ट्रपति मोहम्मद मुर्सी की इस्लामवादी पार्टी इख्वानुल मुस्लमीन (मुस्लिम ब्रदरहुड) ने आज दावा किया कि दो चरणों में संपन्न जनमत संग्रह में मतदाताओं के बहुमत ने देश का नया विवादित संविधान स्वीकार कर लिया है।
इख्वान की राजनीतिक शाखा ‘फ्रीडम एंड जस्टिस पार्टी’ के एक पदाधिकारी ने आज कहा कि 71 फीसदी से ज्यादा मतदाताओं ने कल मसौदा संविधान के पक्ष में ‘हां’ का मत डाला। उन्होंने कहा, ‘हमारी गणना के अनुसार दूसरे चरण के अंतिम नतीजा 71 फीसदी ‘हां’ और (दो चरणों का) समग्र नतीजा 63.8 प्रतिशत है।’
उम्मीद की जा रही है कि अगले हफ्ते के शुरू में जनमत संग्रह के अंतिम नतीजों की घोषणा की जाएगी। मसौदा संविधान के मुद्दे पर मिस्र में गंभीर मतभेद पैदा हो गया है क्योंकि इसे इस्लामवादियों के वर्चस्व वाली सभा ने तैयार किया। उदारवादी मसौदा संविधान की तैयारी की प्रक्रिया से हट गए थे। (एजेंसी)
First Published: Sunday, December 23, 2012, 12:43