Last Updated: Monday, January 23, 2012, 13:19
ब्रूसेल्स : यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों ने सुधारों को प्रोत्साहन देने के लिए म्यांमार के खिलाफ प्रतिबंधों में ढील देने पर सोमवार को सहमति जताई लेकिन प्रतिबंधात्मक उपायों को खत्म करने से पहले और सकारात्मक संकेत मिलने का इंतजार करेंगे।
यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों की ब्रूसेल्स में बैठक शुरू होने के बीच एक राजनयिक ने नाम न लेने की शर्त पर बताया, हम आज से प्रथम चरण के तहत कुछ वीजा प्रतिबंधों को निलंबित करके शुरूआत करेंगे। सूत्र ने बताया, सारे प्रतिबंधों को हटाना अधिकारियों के सकारात्मक कार्रवाई जारी रखने की शर्त पर होगा।
यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख कैथरीन एश्टन ने विगत कुछ हफ्तों और महीनों में किए गए असाधारण बदलावों की तारीफ की और घोषणा की कि वह अप्रैल में उस देश की यात्रा करेंगी। इसके बाद वह मंत्रियों की बैठक में चली गईं।
27 देशों की सदस्यता वाला यूरोपीय संघ कितनी जल्द प्रतिबंधों को हटाया जाए इसपर बंटा हुआ है। कुछ देश इसके लिए एक अप्रैल को देश में होने वाले उपचुनाव की प्रतीक्षा करने पर जोर दे रहे हैं जिसके जरिए नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित आंग सान सू ची संसद में प्रवेश का प्रयास करेंगी। (एजेंसी)
First Published: Monday, January 23, 2012, 18:49