Last Updated: Thursday, September 27, 2012, 23:23

बीजिंग : पूर्वी चीन सागर में स्थित विवादित द्वीप समूहों को लेकर चीन और जापान के बीच का तनाव आज उस वक्त चरम पर पहुंच गया जब चीन ने कहा कि उसने पहली बार उस क्षेत्र में नौसेना तैनात कर दी है। साथ ही चीन ने इस मामले को संयुक्त राष्ट्र में उठा कर उसे अंतरराष्ट्रीय बनाने के लिए जापान की आलोचना भी की।
चीन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता यांग युजुन ने आज पुष्टि की है कि चीन की नौसेना ने हाल ही में दिआयु द्वीप समूहों के पास सैन्य अभ्यास किया है और गश्त लगाई है। जापानी इस द्वीप समूह को सेनकाकु द्वीप समूह कहते हैं। शिन्हुआ की खबर के मुताबिक, जापानी मीडिया में खबर आने के बाद कि द्वीप समूहों के पास चीन की दो नौकाओं को देखा गया है, चीन ने इसकी पुष्टि की है।
युद्ध पोतों की तैनाती का बचाव करते हुए यांग ने कहा कि दिआयु द्वीप समूह प्राचीन काल से चीन का अभिन्न अंग रहा है और द्वीप समूह को चीन के न्याय क्षेत्र में लाने का यह उचित समय है। इस बीच चीन के सरकारी टीवी चैनल ने इस मामले को संयुक्त राष्ट्र में उठा कर इसका अंतरराष्ट्रीयकरण करने के लिए जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदो नोदा की आलोचना की है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, September 27, 2012, 23:23