Last Updated: Saturday, August 17, 2013, 23:50

काहिरा : मिस्र में सुरक्षा बलों ने शनिवार को उस मस्जिद पर धावा बोल दिया जहां सत्ता से हटाये गए मोहम्मद मुर्सी के सैकड़ों समर्थक जमा हुए थे।
इससे पहले सुरक्षाबलों और इस्लामी कार्यकर्ताओं के बीच भारी गोलीबारी हुई। इस बीच सड़कों पर होने वाले प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 180 हो गई है।
मध्य काहिरा में रामसेस चौक के पास स्थित अल फतह मस्जिद में छुपे प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच गतिरोध शनिवार शाम उस समय समाप्त हुआ जब सुरक्षाकर्मी आंसूगैस के गोले छोड़ते हुए अंदर प्रवेश कर गए।
सुरक्षा बलों ने कहा कि सभी प्रदर्शनकारियों को मस्जिद से बाहर निकाला गया और कई को गिरफ्तार कर लिया गया। स्थिति आज दोपहर में उस समय हिंसक हो गई जब मस्जिद में छुपे इस्लामी कार्यकर्ताओं ने बाहर सुरक्षाबलों पर गोलियां चलाईं। टेलीविजन फुटेज में सुरक्षा बलों को मुख्य मीनार पर बंदूकधारी के साथ गोलीबारी करते दिखाया गया।
गतिरोध के बीच अंतरिम प्रधानमंत्री हाजिम अल बेबलावी ने मुस्लिम ब्रदरहुड को कानूनी तौर पर भंग करने का प्रस्ताव किया। मुस्लिम ब्रदरहुड ही मुर्सी को बहाल करने की मांग कर रहा है। यदि उसे कानूनी तौर पर भंग किया जाता है तो उसकी सम्पत्ति जब्त की जा सकती है। कल की झड़प में मरने वालों की संख्या बढ़कर 173 हो गई वहीं ब्रदरहुड ने एक सप्ताह के प्रदर्शन का आह्वान किया।
मुस्लिम ब्रदरहुड प्रमुख मोहम्मद बदीई के पुत्र अम्मार बदीई कल काहिरा में मारे गए कई अन्य लोगों में शामिल थे। गत बुधवार से अभी तक झड़पों में 800 से अधिक लोग मारे गए हैं। झड़पें तब शुरू हुई जब सुरक्षा बलों ने मुर्सी के वफादारों द्वारा काहिरा में स्थापित दो शिविरों पर धावा बोला दिया। शुक्रवार की झड़पों के बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मारे गए लोगों शव और घायल हुए लोगों को लेकर अल फतर मस्जिद गए और वहां से हटने ने इनकार कर दिया।
सुरक्षाकर्मी प्रदर्शनकारियों से बातचीत के लिए मस्जिद में गए लेकिन ब्रदरहुड ने महिलाओं को वहां से निकलने की इजाजत देने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया।
मस्जिद के भीतर प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें वहां से निकलने में भय महसूस हो रहा है क्योंकि बाहर सुरक्षाबलों के साथ हत्यारे भी हैं। सुरक्षा बलों द्वारा मस्जिद पर धावा बोलने से पहले आयरलैंड की सबसे बड़ी मस्जिद के इमाम की पुत्री ओमैमा हलाला ने अल जजीरा से फोन पर कहा कि भीतर करीब 700 लोग थे। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। (एजेंसी)
First Published: Saturday, August 17, 2013, 23:50