Last Updated: Wednesday, July 17, 2013, 13:54

मास्को : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि अमेरिकी भगोड़े एडवर्ड स्नोडेन द्वारा जासूसी मामले का खुलासा करने के बाद उठे विवाद की तुलना में मास्को के वॉशिंगटन के साथ रिश्ते कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। स्नोडेन ने रूस में शरण के लिए आवेदन दिया है।
न्यूज एजेंसी ने पुतिन को यह कहते हुए उद्धृत किया है ‘सुरक्षा सेवा के काम को लेकर उठे विवाद की तुलना में देशों के रिश्ते अधिक मायने रखते हैं।’ पुतिन की इन टिप्पणियों से पहले ही व्हाइट हाउस ने रूस में शरण मांगने के स्नोडेन के अनुरोध पर विरोध जाहिर किया था।
अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी के पूर्व अनुबंधकर्ता स्नोडेन 23 जून से ही मास्को के शेरेमेतयेवो हवाईअड्डे पर रह रहे हैं। इससे पहले उन्होंने अमेरिका के जासूसी कार्यक्रम के ब्यौरे लीक किए थे जिससे वाशिंगटन के अपने सहयोगियों के साथ रिश्तों में तनाव उत्पन्न हो गया। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, July 17, 2013, 13:54