इंडिया गेट पर हिंसा भड़की, पुलिस ने आंसूगैस के गोले दागे

इंडिया गेट पर हिंसा भड़की, पुलिस ने आंसूगैस के गोले दागे

इंडिया गेट पर हिंसा भड़की, पुलिस ने आंसूगैस के गोले दागे नई दिल्ली : राजधानी के इंडिया गेट पर प्रदर्शनकारियों के पथराव और लोहे की छड़ें लेकर सुरक्षाकर्मियों से भिड़ जाने तथा पुलिसकर्मियों द्वारा उन पर आंसूगैस के गोले दागने एवं पानी की धार फेंकने के बाद हिंसा भड़क गई।

ऐसी खबरे हैं कि कुछ तत्व हिंसा फैला रहे हैं। महज डेढ़ घंटे के अंदर दूसरी बार दोपहर करीब ढ़ाई बजे दोनों पक्षों में झड़प हुई। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि हिंसा क्यों भड़की। पुलिस ने रायसीना हिल्स जाने वाले राजपथ पर अवरोधक लगा रखे थे।

अपराह्न करीब सवा तीन बजे जब प्रदर्शनकारी पथराव करने लगे तब पुलिस ने उन पर आंसू गैस के गोले दागे एवं पानी की बौछार की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ प्रदर्शनकारियों ने लोहे की छड़ लेकर हमला भी किया। हालांकि ज्यादातर प्रदर्शनकारियों ने शांति बनाए रखी और उन्होंने प्रदर्शन के दौरान हिंसा पर एतराज जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंसा करने वालों की अपनी कुछ और ही मंशा है।

पुलिस ने युद्ध स्मारक के समीप राजपथ पर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कई बार आंसूगैस के गोले दागे और बल प्रयोग किया। पुलिस की इस कार्रवाई में कुछ मीडियाकर्मियों समेत कई लोग घायल हो गए।

इससे पहले पुलिस ने हिंसा पर काबू पाने के उद्देश्य से नई दिल्ली जिले में धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा लगा दी जिसके तहत चार या उससे अधिक व्यक्तियों के एक जगह एकत्र होने पर पाबंदी है। कुछ प्रदर्शनकारियों ने इंडिया गेट पर पूर्व दिल्ली के सांसद संदीप दीक्षित को रोक दिया, उनके साथ धक्कामुक्की की एवं उनकी कार को क्षति पहुंचाई। उन्होंने कुछ सरकारी अधिकारियों को लेकर जा रहे एक सरकारी जीप को भी नुकसान पहुंचाया। रायसीना हिल्स की ओर कूच करने का प्रयास करते हुए वे पुलिस से उलझ गए। रायसीना हिल्स में राष्ट्रपतिभवन एवं कई महत्वपूर्ण सरकारी मंत्रालय हैं।

राजपथ पर सुरक्षा संबंधी पाबंदी एवं इंडिया गेट के आसपास प्रदर्शनकारियों द्वारा सड़कों को जाम कर देने से मध्य दिल्ली में यातायात अस्तव्यस्त रही।

आज सुबह 50-60 प्रदर्शनकारियों को रायसीना हिल्स एवं सोनिया गांधी के निवास दस जनपथ से हटाया गया जो रातभर वहीं ठहर गए थे। इंडिया गेट पर निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने पर जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने का प्रयास किया मो उन्होंने काफी धक्का मुक्की की।

प्रदर्शन पर काबू पाने के लिए पुलिस कार्रवाई के तहत इंडिया गेट एवं रायसीना हिल्स के समीप आठ मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए थे।

पुलिस ने नई दिल्ली जिले में निषेधाज्ञा लगाने के बाद प्रदर्शनकारियों से जंतरमंतर या रामलीला मैदान में प्रदर्शन करने को कहा। (एजेंसी)

First Published: Sunday, December 23, 2012, 17:42

comments powered by Disqus