Last Updated: Monday, June 4, 2012, 23:09
नई दिल्ली : देश के विशाल उत्तरी और पूर्वी मैदानी भागों में गर्मी का प्रकोप बना हुआ है और अधिकतर स्थानों पर तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। राजधानी दिल्ली में हालांकि आज तपिश कुछ कम रही और तापमान कल के 42.4 के मुकाबले 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी कल के 29.7 के मुकाबले 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप बना हुआ है। राज्य के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर गया। अलीगढ़ में हालांकि हलकी बूंदाबांदी होने से गर्मी के कहर से कुछ राहत मिली। राज्य के गोरखपुर, वाराणसी, फैजाबाद, लखनउ, मेरठ और मुरादाबाद मंडलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा। इनके अलावा कानपुर और झांसी में भी तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।
इलाहाबाद राज्य का सबसे गर्म इलाका बना रहा। यहां अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हमीरपुर में 46.2, वाराणसी में 45.8 और बांदा में 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पश्चिम बंगाल में भी काफी गर्मी पड़ रही है और अधिकतर स्थानों पर तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।
कोलकाता में तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बीरभूम, बर्दवान, बांकुरा, पुरूलिया और पश्चिमी मिदनापुर जिलों में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी गर्म और उमसभरे दिनों का सिलसिला चल रहा है। कई स्थानों पर तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
चंडीगढ़ में भीषण गर्मी के बीच लुधियाना, पटियाला, जालंधर, अमृतसर और पंजाब के अन्य इलाके आज भी तपते रहे। हरियाणा में हिसार, भिवानी, अंबाला, गुड़गांव, पंचकुला और रोहतक लपट वाली गर्म हवाओं से जूझते रहे। राजस्थान में भी गर्मी का प्रकोप बना हुआ है। राज्य के चुरू में तापमान सबसे ज्यादा 45.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद श्रीगंगानगर में 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ भारी गर्मी रही।
राज्य के बीकानेर, जयपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर में अधिकतम तापमान क्रमश: 43, 41.4, 41, 40.2 और 36.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। आम तौर पर ठंडे इलाकों में गिने जाने वाले हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और उसके आसपास के इलाकों में दोपहर में बारिश और तेज हवाएं चलने से गर्मी से राहत मिली। आधे घंटे के तूफान और बारिश के कारण पारे में भारी गिरावट आई। हालांकि हिमाचल प्रदेश की निचली पहाड़ियों में गर्मी से राहत नहीं मिली। तापमान में एक दो डिग्री की गिरावट जरूर आई। शिवालिक की पहाड़ियों में उना सबसे गर्म क्षेत्र रहा और यहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (एजेंसी)
First Published: Monday, June 4, 2012, 23:09