Last Updated: Monday, December 19, 2011, 14:36

नई दिल्ली : सर्द हवाओं के कारण उत्तर भारत में पारा लगातार गिरने से आम जनजीवन प्रभावित रहा। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखण्ड, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान एवं जम्मू एवं कश्मीर राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
ठंड की वजह से कई जगह दुर्घटनाएं भी हुईं। लगभग 90 रेलगाड़ियां या तो रद्द कर दी गई हैं या फिर विलंब से चल रही हैं। कोहरे के कारण विभिन्न दुर्घटनाओं में कम से कम 39 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली सोमवार सुबह कोहरे की मोटी चादर से ढ़क गई। घने कोहरे की वजह से सुबह दृश्यता 200 मीटर तक घट गई इससे वाहनों का परिचालन प्रभावित हुआ। सर्द हवाओं का दौर जारी है। इस बीच, सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सर्द हवाओं के कारण उत्तर भारत में पारा लगातार गिरने से आम जनजीवन प्रभावित रहा। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश एवं जम्मू एवं कश्मीर राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड की वजह से कई जगह दुर्घटनाएं भी हुईं। दिल्ली सोमवार सुबह कोहरे की मोटी चादर से ढक गई। घने कोहरे की वजह से कम हुई दृश्यता से वाहनों का परिचालन प्रभावित हुआ।
सर्द हवाओं का दौर जारी है। इस बीच सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, ‘दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंट जाएगा लेकिन आने वाले दिनों में सर्दी बना रहेगी।‘
आईएमडी के मुताबिक सुबह 8.30 बजे घने कोहरे के कारण दृश्यता 200 मीटर तक कम हो गई थी। आईएमडी अधिकारी ने बताया, ‘दिन के समय सूरज निकल आएगा लेकिन इससे सर्द हवाओं से कोई राहत नहीं मिल सकेगी। शाम के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा।‘ दिल्ली में सुबह 8.30 बजे आद्र्रता 97 प्रतिशत दर्ज की गई। रविवार को न्यूनतम तापमान पांच व अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर घाटी एवं ऊंचाई वाले स्थानों पर मौसम विभाग ने मंगलवार को हिमपात का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुए पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग द्वारा सोमवार को जारी बयान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के बने रहने के कारण हमें कल मैदानी इलाकों में मध्यम एवं पहाड़ों पर भारी हिमपात होने की सम्भावना है।
15 दिनों से घाटी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग उम्मीद व्यक्त कर रहा है कि बारिश एवं हिमपात के कारण शून्य से नीचे चल रहे रात के तापमान में वृद्धि होगी। विभाग के अनुसार इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट आएगी। पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के कारण वहां से आने वाली सर्द हवाओं से उत्तर प्रदेश में तापमान में गिरावट लगातार जारी है। सूबे में सर्दी से पिछले 24 घंटों के दौरान 24 लोगों की मौत हो गई।
उधर प्रदेश के जौनपुर, बलिया, मऊ आजमगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही, मऊ और चंदौली जिलों में सर्दी से 24 लोगों की मौत हुई है।
बिहार में शीतलहर के कारण सर्दी बढ़ गई है। इसे ध्यान में रखते हुए पटना सहित राज्यभर के सभी विद्यालयों में आठवीं तक के विद्यालय बंद कर दिए गए हैं। पटना मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार सुबह पटना में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वैज्ञानिकों के मुताबिक पटना का अधिकतम तापमान 15-17 डिग्री सेल्सियस के नजदीक बना हुआ है।
इधर, रेलवे विभाग के एक अधिकारी के अनुसार पटना से आने-जाने वाली अधिकांश रेलगाड़ियां तीन से 17 घंटे की देरी से चल रही हैं। इस कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक आर.एस. सिंह ने बताया कि सर्दी को देखते हुए राज्य के आठवीं कक्षा तक के विद्यालयों को 25 दिसम्बर तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
मध्य प्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। दिल्ली की ओर से आने वाली उत्तरी हवाओं ने राज्य के एक बड़े हिस्से को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। दतिया सबसे ठंडा है जहां तापमान दो डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
भोपाल स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ रहा है। इसकी वजह उत्तरी हवाओं का जोर पकड़ना है। दिल्ली में बढ़ी ठंड व उस ओर से आ रही हवाओं से ग्वालियर-चम्बल सहित सागर सम्भाग में तापमान तेजी से गिर रहा है। यह क्रम आगे भी जारी रहेगा।
(एजेंसी)
First Published: Monday, December 19, 2011, 20:49