उत्तर भारत मानसून कमजोर, गर्मी में वृद्धि

उत्तर भारत मानसून कमजोर, गर्मी में वृद्धि

नई दिल्ली : उत्तर भारत में मानसून कमजोर पड़ने से बारिश पर रोक लग गई है और गर्मी एवं उमस में वृद्धि हुई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश में शनिवार सुबह धूप निकली और वातावरण गर्म रहा। दिल्ली में सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ऊपर 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, `आसमान साफ रहेगा और दिन में गर्मी रहेगी।` उनके मुताबिक, दिन में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

आईएमडी के अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में मानसून ने 15 दिन पहले रविवार को दस्तक दी है, लेकिन मानसून के कमजोर पड़ने की वजह से यहां बारिश नहीं हुई है। मौसम विभाग ने हालांकि, 25 जून को हल्की बारिश होने की सम्भावना व्यक्त की है। उत्तर प्रदेश में रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच धूप निकलने से मौसम उमस भरा हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 24 घंटों के दौरान मौसम में किसी तरह के खास बदलाव की उम्मीद नहीं है।

राज्य के मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के कई इलाकों में अभी भी रुक-रुककर बारिश हो रही है। आने वाले समय में सूबे के अधिकांश जिलों में बारिश होने का अनुमान है। लखनऊ में शनिवार को न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद में 23.4 डिग्री सेल्सियस, कानपुर में 22 डिग्री सेल्सियस और आगरा में लगभग 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (एजेंसी)

First Published: Saturday, June 22, 2013, 16:19

comments powered by Disqus