उत्तर भारत में गर्मी से राहत नहीं

उत्तर भारत में गर्मी से राहत नहीं


नई दिल्ली : फिलहाल उत्तर भारत में गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। तेज धूप एवं गर्म हवाओं का दौर शुक्रवार को भी चला। दिल्ली में शुक्रवार सुबह तेज धूप निकली। यहां सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने रात तक हल्की बारिश होने की सम्भावना व्यक्त की थी।

भारतीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शहर के कुछ हिस्सों में शाम के बाद आंधी आ सकती है एवं बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री के आसपास रहेगा। गुरुवार को तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। यह इस मौसम का अब तक का अधिकतम तापमान था। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 31.2 डिग्री सेल्सियस था। सुबह 8.30 बजे आद्र्रता 31 फीसदी दर्ज की गई।

उत्तर प्रदेश में आज भी भी लोगों को गर्मी और लू के थपेड़ों से निजात नहीं मिली। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 36-48 घंटों तक मौसम के रुख में बदलाव की उम्मीद नहीं है। उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बताया कि अभी लोगों को गर्मी से राहत मिलने की सम्भावना नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार से सटे कुछ इलाकों गोरखपुर, बलिया और गाजीपुर में अगले कुछ दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव हो सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की सम्भावना है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस और आगरा का अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
बिहार में गर्मी का आलम यह है कि पटना में शुक्रवार सुबह का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों ने एक-दो दिनों में मौसम में बदलाव होने की सम्भावना व्यक्त की है। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार सुबह पटना का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस, गया का 30.7 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर का 30.4 डिग्री सेल्सियस तथा पूर्णिया में 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक ए़ क़े सेन ने बताया कि तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। उन्होंने कहा कि अगले एक दो दिन में मौसम में बदलाव की सम्भावना है जिसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। (एजेंसी)

First Published: Friday, June 1, 2012, 18:42

comments powered by Disqus