उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी, यूपी में 8 और लोगों की मौत

उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी, यूपी में 8 और लोगों की मौत

उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी, यूपी में 8 और लोगों की मौतनई दिल्ली : उत्तर भारत में आज तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने के कारण लोगों को ठंड से कुछ राहत जरूर मिली है लेकिन उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में अभी भी पड़ रही कड़ाके की सर्दी के कारण और आठ लोगों की मौत हो गई। दूसरी ओर कश्मीर में ताजा हिमपात होने से श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को फिर से बंद करना पड़ा। हिमाचल प्रदेश में भी ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हुई लेकिन राज्य में भी तापमान में कुछ बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

राजधानी दिल्ली में आज धूप निकलने के कारण लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली और आज पहली बार अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ऊपर 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में पहली बार समय के अनुसार तापमान सामान्य दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड से मरने वाले लोगों की संख्या 262 हो गई है। राज्य के कुछ क्षेत्रों में अभी भी काफी ठंड है और न्यूनतम तापमान छह से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। ठंड ने उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में चार लोगों, बाराबंकी ने दो लोगों और सुल्तानपुर तथा हरदोई जिले में एक-एक लोगों की जान ले ली। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पंजाब और हरियाणा में न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया है। दोनों राज्यों की राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

कश्मीर घाटी में सुबह छह बजे से हो रहे हिमपात के कारण पूरी घाटी सफेद नजर आ रही है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां करीब आधा इंच हिमपात हुआ है। करगिल राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। वहां न्यूनतम तापमान शून्य से 17.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। एक दिन पहले करगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 18.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। राजस्थान में तापमान में वृद्धि होने से जनजीवन एवं यातायात तेजी से सामान्य हो रहा है। प्रदेश में आज सीकर सबसे ठंडा रहा। वहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस, मांउट आबू में छह डिग्री सेल्सियस और कोटा में 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिहार में हल्की शीतलहर के कारण ठंड का प्रकोप जारी है और रविवार के बाद ही लोगों को ठंड से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक आशीष कुमार सेन ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि शनिवार को राज्य के भागलपुर जिले का सबौर सबसे ठंडा स्थान रहा जहां का न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री रहा। (एजेंसी)

First Published: Saturday, January 12, 2013, 22:27

comments powered by Disqus