Last Updated: Sunday, January 8, 2012, 16:19

नई दिल्ली : बारिश और पहाड़ी इलाकों में हुए हिमपात के कारण उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है और कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। घाटी में कड़ाके की ठंड के कारण रविवार को और दो लोगों की मौत हो गई और इसके साथ ही उत्तर भारत में ठंड से मरने वालों की संख्या 140पहुंच गई है।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री उपर 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर घाटी में मौसम लगातार ठंडा बना हुआ है और श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 16.5 डिग्री सेल्सियस नीचे, काजीगुंद में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि ठंड के कारण कठुआ जिले के हीरानगर और जम्मू जिले के बिश्नाह में दो लोगों की मौत हो गई।
हिमाचल प्रदेश में पूरे दिन रूक-रूक कर हिमपात होने के कारण मौसम बहुत ठंडा रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिमला और मनाली में क्रमश: 20 सेंटीमीटर और 40 सेंटीमीटर हिमपात हुआ है जबकि रोहतांग दर्रा बर्फ की 170 सेंटीमीटर मोटी चादर से ढ़का हुआ है।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश की सीमा से लगे पंजाब में भी हिमपात हुआ। पंजाब के ज्यादातर भागों में लोग पूरे दिन ठंड से कांपते रहे। अमृतसर में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना और पटियाला में भी तापमान काफी कम रहा।
हरियाणा में सबसे कम तापमान अंबाला का रहा। वहां का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस और करनाल का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (एजेंसी)
First Published: Monday, January 9, 2012, 10:19