Last Updated: Saturday, January 14, 2012, 02:56
नई दिल्ली : उत्तर भारत के लोगों को कड़ाके की ठंड से आज भी राहत नहीं मिली और उत्तर प्रदेश में इसने छह और लोगों की जान ले ली, जिससे इस मौसम में देश भर में ठंड से मरने वाले लोगों की संख्या 165 पहुंच गई है।
अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश में दो महिलाओं सहित छह और लोगों की कड़ाके की ठंड से मौत हो गई। फतेहपुर में यह मौतें दर्ज की गई हैं। दिल्लीवासियों को एक और सर्द सुबह का सामना करना पड़ा क्योंकि ठंडी हवाओं ने तापमान को सामान्य स्तर से नीचे पहुंचा दिया। राजधानी में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री नीचे और कल के 5.3 डिग्री सेल्सियस से उपर है।
हालांकि रात के तापमान में थोड़ी वृद्धि देखी गई लेकिन सर्द हवाओं के चलते शहर में ठंड बढ़ गई। सुबह के समय हल्का कोहरा भी लगा रहा । मौसम विभाग के अधिकारियों ने पूर्वानुमान व्यक्त किया है कि अगले दो दिनों में भी इसी तरह की मौसमी स्थितियां रहेंगी और तापमान सात से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा ।
कश्मीर के लोगों को कड़ाके की ठंड से कोई राहत नहीं मिली है क्योंकि लद्दाख के करगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 19.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जो कि इस मौसम का सबसे कम तापमान है। इसके साथ ही करगिल क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान बन गया है।
लद्दाख क्षेत्र स्थित लेह नगर में तापमान शून्य से 18.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। उत्तर कश्मीर स्थित गुलमर्ग घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां पारा कल रात शून्य से 16.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में तापमान शून्य से 12.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। श्रीनगर में कल रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 3. 6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने 15 और 16 जनवरी को भारी हिमपात का पूर्वानुमान लगाया है। उधर, पंजाब और हरियाणा में भी लोगों को शीतलहर से राहत नहीं मिली और कई जगहों पर तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में जालंधर सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अमृतसर और नारनौल में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम यानी 1.5 डिग्री दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री, लुधियाना और पटियाला में क्रमश: 3.9 डिग्री और पांच डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।
हरियाणा के अंबाला, करनाल और रोहतक में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.9 डिग्री, तीन डिग्री और 4.1 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। हिसार में पारा सामान्य से चार डिग्री नीचे दो डिग्री पर दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दोनों राज्यों में अगले एक दो दिन आसमान साफ रहेगा लेकिन ठंड से राहत नहीं मिलेगी।
उधर, राजस्थान के चुरू में पारा शून्य डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जबकि राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
(एजेंसी)
First Published: Saturday, January 14, 2012, 08:26