Last Updated: Wednesday, September 19, 2012, 23:24
नई दिल्ली : उत्तर भारत के कई इलाकों में पिछले 24 घंटे से हो रही भारी बारिश के कारण उत्तर प्रदेश में 18 लोग मारे गए हैं और हिमाचल प्रदेश में बादल फटने से कई दुकानें एवं गाड़ियां बह गईं। दिल्ली को छोड़कर हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर कमोबेश बुधवार को भी जारी रहा। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, बिहार एवं एवं पूर्वोत्तर राज्यों में दक्षिणपूर्व मानसून के जबरदस्त रूप से सक्रिय रहने के कारण भारी बारिश की सम्भावना जताई है। कर्नाटक, गुजरात, विदर्भ एवं पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बारिश हुई। देश में सबसे अधिक बारिश अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट में 14 सेंटीमीटर हुई।
उत्तर प्रदेश से मिली खबरों के अनुसार दीवार गिड़ने जैसी बारिश से जुड़ी दुर्घटनाओं में गोरखपुर जिले में 10, लखीमपुर एवं अमेठी में तीन-तीन और बस्ती में दो लोगों की मौत हो गयी। दिल्ली में बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। आर्द्रता का स्तर 90 फीसदी तक पहुंच गया था। शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, `गुरुवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे और शहर के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 एवं 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की सम्भावना है।`
आईएमडी के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में इस मानसून अभी तक कुल 544.3 मिलीमीटर वर्षा मापी गई है, जो सामान्य से 12 प्रतिशत कम है। दिल्ली में मानसून के 20 सितम्बर तक बने रहने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश में पिछले चार दिनों से चल रहा बारिश का दौर कुछ इलाकों को छोड़कर जारी है, जिसकी वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने बताया कि अगले एक दो दिनों तक मौसम की स्थिति में बदलाव होने की सम्भावना नहीं है।
गुप्ता ने बताया कि बुधवार को राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी के अलावा सूबे के अन्य प्रमुख शहरों के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। पटना सहित राज्य में हल्की से मूसलाधार बारिश हुई। इधर, लगातार बारिश होने से मौसम खुशगवार बना हुआ है। मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक बुधवार की सुबह पटना का तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस था जबकि अधिकतम तापमान दर्ज किया गया जबकि गया का तापमान 26.3 डिग्री तथा पूर्णिया का सुबह का तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इधर, पिछले चौबीस घंटे के दौरान पटना में 2.2 मिलीमीटर तथा गया में 12.4 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।
मध्य प्रदेश में मानसून के कमजोर पड़ने के कारण बीच-बीच कड़ी धूप निकलने से जबरदस्त उमस हो रही है, जो लोगों को बेचैन कर रही है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। राजधानी का अधिकतम तापमान 30.8 और 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसी तरह राज्य के अन्य हिस्सों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब बना हुआ है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, September 19, 2012, 23:24