Last Updated: Wednesday, May 30, 2012, 20:17
नई दिल्ली : उत्तर भारत में तेज धूप एवं गर्म हवाओं से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। आलम यह है कि सुबह से ही तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच जा रहा है, जबकि अधिकतम तापमान 43-46 डिग्री सेल्सियस के मध्य बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। दिल्ली में बुधवार सुबह तेज धूप निकली। दिल्ली में आज सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दिन में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। सुबह 8.30 बजे आद्र्रता 36 फीसदी दर्ज की गई। मंगलवार को राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी पटना सहित पूरा बिहार पिछले एक पखवाड़े से भीषण गर्मी ओर लू की चपेट में है। पुरवईया हवा चलने के कारण लोग उमसभरी गर्मी से परेशान हैं। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज सुबह भागलपुर का तापमान 30.3 डिग्री, पटना का तापमान 29.9 डिग्री, गया का 26.5 डिग्री और पूर्णिया का 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में मंगलवार को सबसे गर्म क्षेत्र गया रहा, जहां का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस था। इसके अलावा पटना का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और भागलपुर का 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक ए.क़े सेन ने बताया कि अगले दो दिन के अंदर मौसम में कोई बदलाव होने के संकेत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि चिलचिलाती धूप के कारण तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। उत्तर प्रदेश में चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर रखा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 36-48 घंटे के भीतर तापमान में किसी तरह के बदलाव के आसार नहीं हैं। आज सुबह राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम था।
उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि अगले 36 घंटों तक तापमान में बदलाव की सम्भावना नहीं है। लू के थपेड़े जारी रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार को राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक था। मंगलवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 44 डिग्री, इलाहाबाद का 46.3 डिग्री तथा कानपुर का तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, May 30, 2012, 20:17