Last Updated: Thursday, January 19, 2012, 06:03
ज़ी न्यूज ब्यूरोनई दिल्ली : उत्तर भारत के साथ दक्षिण भारत भी ठंड की चेपट में आ गया है। दक्षिण भारत के कई शहरों में ठंड ने रिकार्ड तोड़ दिया है। उत्तर भारत में कोहरे के कारण कई स्थानों पर रेल, हवाई व सड़क यातायात बाधित रहा। उत्तर प्रदेश के आगरा में ठंड के कारण स्कूल 22 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं जबकि लखनऊ में स्कूल सुबह 10 बजे के बाद खोलने का निर्देश दिया गया है।
दिल्ली और एनसीआर में गुरुवार सुबह जब लोगों की नींद टूटी तो घना कोहरा छाया था। बुधवार की ही तरह आज भी तड़के अचानक दिल्ली और आसपास के इलाके को घने कोहरे ने अपनी चपेट में ले लिया। कोहरे का असर उड़ानों के साथ-साथ रेल और सड़क यातायात पर भी पड़ रहा है। दिल्ली में तापमान के गिरने का दौर जारी है। गुरुवार सुबह 5.30 बजे दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा। कोहरे से घिरी दिल्ली में सर्द हवाओं की वजह से लोगों की मुसीबत और बढ़ गई है। इस वक्त तापमान 7-8 डिग्री सेल्सियस के आसपास है।
दक्षिणी भारत के कर्नाटक तथा तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में सर्दी के पुराने रिकॉर्ड टूट गए हैं। कर्नाटक के मैसूर में बुधवार का दिन जनवरी का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। वहां पर न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देश की आईटी राजधानी बेंगलुरु और चेन्नई में भी बुधवार का दिन विगत दो और एक दशक में क्रमश: सबसे ठंडा दिन रहा। बेंगलुरु में जनवरी में बुधवार का दिन विगत 19 वर्षों में सबसे ठंडा रहा क्योंकि वहां का तापमान गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
उत्तर भारत में ट्रेनें प्रभावितउत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में आज घने कोहरे के कारण 50 से ज्यादा ट्रेनें देरी से चल रही हैं। उत्तर रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि पटना-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस सहित 54 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम, पूर्वा और वैशाली एक्सप्रेस भी देरी से चलने वाली ट्रेनों में शामिल हैं।
उड़ानें भी अस्त-व्यस्तआकाश पर छाए कोहरे के बावजूद आज सुबह राजधानी के आईजीआई हवाई अड्डे पर उड़ानें सामान्य रहीं। बहरहाल चंडीगढ़, कोलकाता, अमृतसर और लखनऊ जैसे शहरों में खराब मौसम के कारण 12 उड़ानों में देर हुई। एक अंतरराष्ट्रीय विमान सहित चार उड़ानों को संचालन संबंधी कारणों से रद्द करना पड़ा। हवाई अड्डे पर कोहरे के बावजूद दृश्यता का स्तर न्यूनतम 125 मीटर और 150 मीटर से नीचे नहीं गया। कल घने कोहरे के कारण करीब 250 उड़ानें प्रभावित हुईं थीं।
First Published: Thursday, January 19, 2012, 14:17