टीम अन्ना ने पार्टियों से पूछे 6 सवाल - Zee News हिंदी

टीम अन्ना ने पार्टियों से पूछे 6 सवाल

नई दिल्ली : टीम अन्ना ने पांच राज्यों में आसन्न चुनाव के संदर्भ में शुक्रवार को अपनी प्रचार पुस्तिका जारी की जिसमें कांग्रेस पर लोकपाल मुद्दे पर देश को धोखा देने का आरोप लगाया गया है। हालांकि टीम अन्ना के कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि वे किसी एक पार्टी के पक्ष या खिलाफ अभियान नहीं चलाएंगे।

 

‘योर वोट कैन चेंज द हिस्ट्री आफ इंडिया ब्रिटेयल बाई सेंट्रल गर्वनमेंट आन द कंट्री’ शीर्षक से चार पन्नों की पुस्तिका में राहुल गांधी, मुलायम सिंह यादव और मायावती को निशाना बनाते हुए लोकपाल और भूमि अधिग्रहण पर सवाल किया गया है। पुस्तिका में भाजपा से भी सवाल पूछा गया है। टीम अन्ना के सदस्य अरविंद केजरीवाल और प्रशांत भूषण ने संवाददाताओं से कहा कि उनका अभियान किसी पार्टी के पक्ष या खिलाफ में नहीं है। बल्कि भ्रष्टाचार, लोकपाल और भूमि अधिग्रहण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर है। यह पूछे जाने पर प्रचार पुस्तिका का शीर्षक उनके उस दावे के खिलाफ है कि वह किसी पार्टी के पक्ष में या खिलाफ नहीं है, केजरीवाल ने प्रश्न किया, ‘क्या सरकार ने पूरे देश को धोखा नहीं दिया।’

 

टीम अन्ना की प्रचार पुस्तिका में लोकपाल के विषय में केंद्र सरकार पर छह तरह से धोखा देने का आरोप लगाया है। पुस्तिका के एक पन्ने में कांग्रेस के मजबूत लोकपाल के संबंध में कई तरह की खामियां गिनाई गई हैं। राजनीतिक दलों से छह सवाल पूछे गए हैं। उनसे पूछा गया है कि क्या वे इस बात से सहमत हैं कि लोकपाल विधेयक कमजोर है। क्या सीबीआई को सरकारी नियंत्रण से मुक्त होना चाहिए और क्या वे संसद में इसका विरोध करेंगे। राजनीतिक दलों से भूमि अधिग्रहण विधेयक के बारे में उनका रूख पूछा गया है। टीम अन्ना ने राहुल गांधी से सवाल किया है कि क्या वे भाजपा शासित राज्य उत्तराखंड की तरह से मजबूत लोकपाल विधेयक लाएंगे। (एजेंसी)

First Published: Saturday, January 21, 2012, 00:44

comments powered by Disqus