Last Updated: Sunday, January 22, 2012, 17:06
नई दिल्ली : कश्मीर घाटी का तापमान शून्य से नीचे चले जाने के कारण पूरी वादी कड़ाके की ठंड की चपेट में है जबकि राष्ट्रीय राजधानी सहित उत्तर भारत में भी हाड़ कंपाने वाली ठंड जारी है।
मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दिल्ली में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 6 . 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री नीचे है लेकिन दिल्लीवासियों को कोहरे की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा क्योंकि दृश्यता सीमा 800 मीटर से ज्यादा रही। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया जिससे पूरी घाटी में कड़ाके की ठंड का प्रकोप है।
मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने कहा कि लद्दाख के लेह में रात का तापमान शून्य से 20 डिग्री नीचे चला गया है। नजदीकी जगह कारगिल में भी तापमान शून्य से 17.6 डिग्री नीचे है। घाटी में सबसे सर्द स्थान गुलमर्ग रहा जिसका तापमान शून्य से 14 डिग्री नीचे है। पहलगाम का तापमान शून्य से 11.2 डिग्री कम है जबकि कुपवाड़ा में रात में हल्का हिमपात जारी रहा। उन्होंने कहा कि कश्मीर के काजीगुंड में तापमान शून्य से 7.6 डिग्री कम जबकि कोकरानाग में तापमान शून्य से 7.3 डिग्री कम रहा।
मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि पंजाब और हरियाणा में शीतलहर जारी है और हरियाणा के नारनौल में तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया। भिवानी और हिसार में तापमान 3.8 डिग्री रहा। रोहतक का तापमान 6.5 डिग्री, करनाल का 6.2 और अंबाला का तापमान भी 6.2 डिग्री मापा गया जो एक डिग्री नीचे हैं।
चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री जबकि अमृतसर का 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पुलिस ने कहा कि हरियाणा के हिसार में ठंड से 35 वर्षीय व्यक्ति शमशेर सिंह की मौत हो गयी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मौत का कारण अत्यधिक ठंड थी।
हिमाचल प्रदेश में बर्फीली हवाओं से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा और तापमान सामान्य से कम रहा ।
राज्य की राजधानी शिमला और मुख्य पर्यटक स्थल मनाली में तापमान क्रमश: दो डिग्री और शून्य से 2.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। (एजेंसी)
First Published: Monday, January 23, 2012, 00:18