भारतीय परमाणु पनडुब्बी से पाक चिंतित - Zee News हिंदी

भारतीय परमाणु पनडुब्बी से पाक चिंतित

नई दिल्ली : भारतीय नौसेना बेड़े में दो परमाणु पनडुब्बियां शामिल करने के प्रस्ताव को ‘चिंता का कारण’ करार देते हुए पाकिस्तान ने कहा है कि वह नई स्थिति में संतुलन बहाल करने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है।

 

पाकिस्तानी नौसेना के प्रमुख एडमिरल मुहम्मद आसिफ संदिला ने कहा कि पाकिस्तान संख्या बल के लिहाज से भारतीय नौसना की न तो बराबरी कर सकता और न ही उसकी ऐसी कोई योजना है। उन्होंने कहा, ‘भारतीय नौसेना की तैयारी का रणनीतिक पहलू न केवल हमारे लिए बल्कि पूरे हिंद महासागर क्षेत्र के लिए चिंता का कारण है। मैं महसूस करता हूं कि हिंद महासागर क्षेत्र का परमाणुकरण इस क्षेत्र की शांति एवं स्थायित्व के लिए अच्छा शगुन नहीं है।’

 

उन्होंने एक अमेरिकी साप्ताहिक ‘डिफेंस न्यूज’ के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘इस घटनाक्रम पर हमारी नजर है और हम रणनीतिक संतुलन बहाल करने के लिए जरूरी कदम उठा रहे हैं।’ उनसे पूछा गया था कि पाकिस्तान के पास भारतीय परमाणु बैलेस्टिक पनडुब्बी का क्या जवाब होगा।

 

भारत निकट भविष्य में अपनी नौसेना के बेड़े में दो परमाणु पनडुब्बियां शामिल करने वाला है। इसमें स्वदेश निर्मित आईएनएस अरिहंत और रूसी अकुला श्रेणी की आईएनएस चक्र शामिल हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय परमाणु पनडुब्बी कार्यक्रम की बराबरी के लिए पाकिस्तान चीन से मदद की गुहार लगा सकता है।

 

कमांडर (सेवानिवृत) सुनील चौहान ने पाकिस्तान के संभावित कदम के बारे में कहा, ‘पाकिस्तान और चीन सैन्य दृष्टि से परस्पर काफी करीब हैं और वह (पाकिस्तान) भारतीय क्षमता की बराबरी करने के लिए पीएलए की नौसेना से अपनी पनडुब्बियां तैनात करने को कह सकता है।’ (एजेंसी)

First Published: Saturday, February 25, 2012, 17:23

comments powered by Disqus