मनमोहन-पुतिन ने की द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा

मनमोहन-पुतिन ने की द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा

मनमोहन-पुतिन ने की द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चानई दिल्ली : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने सेामवार को यहां द्विपक्षीय सम्बंधों पर चर्चा की। चर्चा के केंद्र में दोनों देशों के बीच आर्थिक सम्बंध, ऊर्जा तथा कई अरब डॉलर के रक्षा सौदे रहे। मनमोहन सिंह और पुतिन की मुलाकात प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास 7 रेस कोर्स रोड में हुई। दोनों नेताओं की मुलाकात पहले हालांकि हैदराबाद हाउस में होनी थी, लेकिन पिछले सप्ताह हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में रविवार को इंडिया गेट तथा आसपास के इलाकों में हुए प्रदर्शन के हिंसक हो जाने के मद्देनजर उनका मुलाकात स्थान सोमवार सुबह बदल दिया गया।

मनमोहन सिंह तथा पुतिन की मुलाकात से पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैय्यद अकबरुद्दीन ने ट्विटर पर लिखा कि आठ समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं। पुतिन सोमवार सुबह भारत की दिनभर की यात्रा पर यहां पहुंचे। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के लिए स्थाई सीट का समर्थन करते हुए विदेश नीति से सम्बंधित मामलों में पुतिन के सहायक युरी उषाकोव ने कहा कि रूस सुरक्षा परिषद के विस्तार की स्थिति में भारत को उसके स्थाई सदस्य के लिए सर्वाधिक योग्य व मजबूत दावेदार के रूप में देखता है और शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) का स्थाई सदस्य बनने के इसके निर्णय का समर्थन करता है।

भारत और रूस के बीच कूटनीतिक सम्बंधों को इस साल 65 वर्ष पूरे हो गए। साल के आखिर तक भारत और रूस के बीच व्यापार बढ़कर रिकॉर्ड 10 अरब डॉलर तक हो जाने की उम्मीद है। पुतिन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज से भी मिलने वाले हैं। (एजेंसी)

First Published: Monday, December 24, 2012, 15:58

comments powered by Disqus