मरीन मुद्दे का हल निकलने का इटली को भरोसा

मरीन मुद्दे का हल निकलने का इटली को भरोसा

नई दिल्ली : इटली ने बुधवार को भरोसा जताया कि दो इतालवी मरीन को वापस भारत भेजे जाने से उसके इनकार को लेकर चल रहे राजयनिक विवाद का हल निकल आएगा। इटली के राजदूत डेनियल मैनसिनी ने मौजूदा गतिरोध को ‘मुश्किल समय’ बताते हुए कहा कि वह इसका समाधान करने से नहीं हिचकिचाएंगे।

मैनसिनी ने एक कार्यक्रम में कहा कि मुझे भरोसा है कि दोनों परिपक्व लोकतंत्र (भारत और इटली) इन मुश्किलों से निकल जाएंगे। हम भारतीय संस्थानों के साथ काम कर रहे हैं और इन मौजूदा मुश्किल हालात से निकलने के लिए जो कुछ भी सर्वश्रेष्ठ किया जा सकता है सरकार वह करेगी। उन्होंने कहा कि हम इससे नहीं हिचकिचाएंगे। यह हमारे जेहन में अच्छी तरह से मौजूद है।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही विदेश मंत्रालय ने इस विषय पर भारत के रूख से अवगत कराने के लिए उन्‍हें तलब किया था। दोनों मरीन को वापस भेजने से इटली के अचानक इनकार करने के बाद भारत ने इन दोनों को मुकदमे का सामना करने के लिए भारत भेजे जाने की कल मांग की। इन दोनों मरीन पर दो भारतीय मछुआरों की हत्या करने का आरोप है। मासीमिलानो लातोर और साल्वातोर गिरोन पर पिछले साल फरवरी में समुद्री लूट रोधी अभियान के तहत केरल तट के पास दो भारतीय मछुआरांे की हत्या करने का आरोप है। पिछले महीने शीर्ष न्यायालय ने इन दोनों को मतदान करने के वास्ते चार हफ्ते के लिए स्वदेश जाने की इजाजत दी थी। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, March 13, 2013, 13:34

comments powered by Disqus