महंगाई, भ्रष्टाचार यूपीए की देन: गडकरी

महंगाई, भ्रष्टाचार यूपीए की देन: गडकरी

मुंबई: भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने केन्द्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए यहां कहा कि यूपीए-2 ने अपने तीन साल के कार्यकाल में केवल ‘महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी’ देने की ही उपलब्धि हासिल की है।

दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए यहां हवाई अड्डा पहुंचने पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यूपीए सरकार की विश्वसनीयता रसातल में जा चुकी है। उन्होंने कहा, ‘यूपीए सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल के तीन साल हाल ही में पूरे किए हैं। उसके कार्य प्रदर्शन के बारे में कुछ भी सकारात्मक नहीं है। महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी ही उसकी उपलब्धियां मात्र हैं।’

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘जनता के बीच निराशा है और दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में देश में बदलाव के लिए प्रेरणा, शक्ति तथा दृष्टिकोण के बारे में विचार विमर्श किया जाएगा।’ गडकरी ने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने दावा किया, ‘हालात ऐसे हैं कि हो सकता है देश के स्वर्ण भंडार को एक बार फिर गिरवी रखना पड़े।’

उन्होंने कहा कि हालिया विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पंजाब में सत्ता पर पकड़ बरकरार रखी और कांग्रेस से गोवा को छीना। इसी प्रकार पार्टी ने दिल्ली में तीनों नगर निगमों और साथ ही मुंबई में शिवसेना के साथ चुनाव जीता। नागपुर नगर पालिका चुनावों में जीत हासिल की और आंध्र प्रदेश में एक उप चुनाव भी जीता। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, May 23, 2012, 23:08

comments powered by Disqus