शीतलहर से राहत के फिलहाल आसार नहीं - Zee News हिंदी

शीतलहर से राहत के फिलहाल आसार नहीं

ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली : पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है और क्षेत्र में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर से कम रहा। ठंड से दो और लोगों की मौत हो गई और इसके साथ ही मरने वालों की संख्या देश भर में 133 हो चुकी है।

 

दिल्ली के लोगों ने कड़ाके की ठंड आज भी महसूस की, लेकिन न्यूनतम तापमान कल के तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस से थोड़ा ज्यादा 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार सुबह हल्का कोहरा था। खराब मौसम और संचालन संबंधी कारणों के चलते 59 उड़ानों में देरी हुई जबकि आठ फ्लाइट सोमवार को भी रद्द रहीं।

 

गौरतलब है दिल्ली में दिसंबर माह का सबसे कम तापमान 26 दिसंबर 1945 को 1.1 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में दिल्ली में तापमान और गिरने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, मंगलवार को राजधानी को तापमान कम होकर दो डिग्री सेल्यिसस तक पहुंच सकता है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

पंजाब और हरियाणा में एक महिला और एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत ठंड से हो गई। हरियाणा के करनाल और हिसार में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.4 और 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस रहा। कश्मीर घाटी के लोगों को भी शीतलहर से कोई राहत नहीं मिली और श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जो सत्र का सबसे कम तापमान था।

 

लद्दाख क्षेत्र के लेह जिले में भी सत्र का सबसे कम तापमान शून्य से 18.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। गुलमर्ग और पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से क्रमश: 8.4 और 7.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। राजस्थान का चुरू सबसे ठंडा क्षेत्र रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, December 27, 2011, 14:01

comments powered by Disqus