Last Updated: Sunday, January 27, 2013, 09:04

गाजियाबाद : भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा है कि केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को आतंकवाद से जोड़ रहे हैं, जो गलत है। उन्होंने कहा कि शिंदे के बयान से ऐसा लगता है कि हम सभी आतंकवादी हो गए। केंद्र सरकार भी ऐसा मानती है। भाजपा कांग्रेस पार्टी को चुनौती देती है कि उसमें हिम्मत है तो वह संघ और भाजपा पर प्रतिबंध लगाए।
ट्रांस हिंडन क्षेत्र में शनिवार को आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा कि आज हमारा देश कई विषम परिस्थितियों से गुजर रहा है। आतंकवादी एक के बाद एक घटनाओं को अंजाम देते हैं, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। आज जरूरत है कि हम सभी एकजुट होकर देश की रक्षा करें।
यूपी गेट पर आयोजित अपने स्वागत समारोह में राजनाथ ने कहा कि देश संक्रमण के दौर से गुजर रहा है। जिस तरह चारों ओर महौल बना है, उससे देश को सिर्फ भाजपा ही उबार सकती है। उन्होंने संवाददाताओं के सवालों के जवाब में कहा कि कर्नाटक में भाजपा सरकार को कोई खतरा नहीं है। सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। (एजेंसी)
First Published: Sunday, January 27, 2013, 09:04