बर्फ की सफेद चादर में लिपटा शिमला

बर्फ की सफेद चादर में लिपटा शिमला

बर्फ की सफेद चादर में लिपटा शिमलाशिमला : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला व आसपास के इलाके बुधवार सुबह बर्फ की सफेद चादर में लिपटे हुए थे। यहां हुए हिमपात ने इस पर्यटक स्थल की खूबसूरती और बढ़ा दी है। यहां चल रही सर्द हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यह शिमला में इस मौसम का दूसरा हिमपात है। मौसम विभाग के मुताबिक यहां सात सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया। कुल्लू जिले के मनाली और चम्बा जिले के डलहौजी में भी बीते तीन दिनों से हिमपात हो रहा है।

लाहौल एवं स्पिति, चम्बा, मंडी, कुल्लू, किन्नौर, सिरमौर व शिमला जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से लेकर भारी हिमपात दर्ज किया गया।

किन्नौर जिले के काल्पा में 39 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया जबकि यहां तापमान शून्य से नीचे 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मनाली में शून्य से नीचे 1.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। धर्मशाला में 8.8 मिलीमीटर बारिश हुई और 6.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हिंदुस्तान-तिब्बत रोड पर बर्फ की मोटी तह जमा हो जाने से बुधवार से यहां यातायात बाधित है।

भारी हिमपात की वजह से पूरे किन्नौर जिले व शिमला के नरकांडा, जुब्बल, कोटखई, कुमारसेन, खारापठार, रोहरू व चौपाल से सम्पर्क कट गया है। मनाली से करीब 20 किलोमीटर दूर पटलिकुहल में कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सम्पर्क कटा हुआ है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, February 6, 2013, 13:17

comments powered by Disqus