ब्रहमेश्वर का श्राद्ध कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न

ब्रहमेश्वर का श्राद्ध कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न


आरा : बिहार के भोजपुर जिला के खोपिरा गांव में प्रतिबंधित जातीय संगठन ब्रहमेश्वर मुखिया का श्राद्ध-कर्म आज कडी सुरक्षा के बीच संपन्न हो गया। बीते एक जून की प्रात: ब्रहमेश्वर मुखिया की भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के कतिरा मुहल्ले में अज्ञात अपराधियों ने उस समय अंधाधुंध गोलीबारी कर हत्या कर दी थी जब वे अपने घर से सुबह की सैर पर निकले थे।

सूत्रों ने बताया कि ब्रहमेश्वर मुखिया के पैतृक गांव में आज संपन्न उनके श्राद्ध-कर्म को उनके छोटे पुत्र इंदू भूषण ने पुरोहितों की उपस्थिति में धार्मिक विधि-विधान से संपन्न किया। इस कार्यक्रम में बिहार के पशु संसाधन मंत्री गिरीराज सिंह, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री चंद्रमोहन राय, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. सीपी ठाकुर, सांसद मीना सिंह, सुशील सिंह के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के करीब सौ विधायकों सहित करीब चालीस हजार लोगों ने भाग लिया।

मुखिया के श्राद्ध-कर्म के शांतिपूर्वक संपन्न हो जाने और इस अवसर पर भोजपुर जिला में कानून-व्यवस्था की स्थिति को बहाल रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे और दंगा रोधी बल की 10 कंपनियां, अर्धसैनिक बल की एक कंपनी, विशेष कार्यबल की तीन यूनिट सहित करीब 600 सुरक्षाबलों की तैनाती की गई थी। मुखिया के श्राद्ध स्थल की ओर आने के लिए 30 प्रवेश बिंदु बनाए गए थे और श्राद्ध-कर्म में भाग लेने आने वालों की वीडियो रिकार्डिग के लिए कई कैमरे लगाए गए थे। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, June 13, 2012, 21:48

comments powered by Disqus