मुंबई गैंगरेप के सभी आरोपी बालिग : पुलिस कमिश्नर| Mumbai Gangrape

मुंबई गैंगरेप के सभी आरोपी बालिग : पुलिस कमिश्नर

मुंबई गैंगरेप के सभी आरोपी बालिग : पुलिस कमिश्नरज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : मुंबई गैंगरेप मामले में नया खुलासा करते हुए मुंबई के पुलिस कमिश्नर सतपाल सिंह ने सोमवार को कहा कि गैंगरेप के सभी पांचों आरोपी बालिग हैं और उन्हें सख्त सजा दिलाई जाएगी।

एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सतपाल सिंह ने कहा कि पांचों आरोपी बालिग हैं और यह साबित करने के लिए पुलिस के पास पुख्ता सबूत हैं। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पांचों आरोपी मुंबई के रहने वाले हैं और इनमें से तीन आरोपियों के खिलाफ पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपियों ने वारदात के समय पीड़ित लड़की को धमकाया था और उसकी तस्वीर खींची थी। पुलिस इस तस्वीर की तलाश कर रही है। सिंह ने यह भी कहा कि जरूरी हुआ तो पुलिस आरोपियों के उम्र की जांच भी कराएगी।

सतपाल सिंह ने कहा कि इस हादसे के बाद शहर की सभी वीरान इमारतों की सूची बनाई गई है। शहर में वीरान इमारतें की संख्या 272 है और इस संबंध में पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 20 टीमें बनाई गई थीं।

गौरतलब है कि गत गुरुवार शाम के समय महालक्ष्मी के शक्ति मिल्स में अपने पुरुष मित्र के साथ फोटो खींचने गई पत्रकार के साथ पांच युवकों ने सामूहिक बलात्कार किया। सामूहिक बलात्कार के पांचों आरोपी अब पुलिस गिरफ्त में हैं।

First Published: Monday, August 26, 2013, 16:33

comments powered by Disqus