मुंबई गैंगरेप केस में पांचवां आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

मुंबई गैंगरेप केस में पांचवां आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

मुंबई गैंगरेप केस में पांचवां आरोपी दिल्ली से गिरफ्तारमुम्बई : मुम्बई पुलिस ने फोटो पत्रकार से सामूहिक बलात्कार करने के मामले में सभी पांचों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। पांचवां आरोपी आज राजधानी दिल्ली से पकड़ा गया है। सामूहिक दुष्कर्म की इस वारदात ने समूचे देश को झकझोर कर रख दिया है। चौथे आरोपी कासिम बंगाली को शनिवार देर रात मुम्बई से गिरफ्तार किया गया, जबकि पांचवें आरोपी सलीम अंसारी को आज दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले में पांचवें और अंतिम आरोपी अंसारी को मुम्बई पुलिस की अपराध शाखा ने राष्ट्रीय राजधानी से गिरफ्तार किया जिसे मुम्बई लाया जा रहा है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस को इस गिरफ्तारी के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी।

इससे पूर्व, पुलिस ने कल दो आरोपियों विजय जाधव और सिराज रहमान को गिरफ्तार किया था। एक अन्य आरोपी चांद बाबू सत्तार शेख उर्फ मोहम्मद अब्दुल को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था। विजय और चांद को कल अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें 30 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

एक अंग्रेजी पत्रिका की 23 वर्षीय महिला फोटोग्राफर इंटर्न के साथ गुरुवार शाम मध्य मुम्बई के महालक्ष्मी क्षेत्र स्थित सुनसान शक्ति मिल परिसर में उस समय सामूहिक बलात्कार किया गया जब वह वहां अपने एक पुरूष सहकर्मी के साथ असाइनमेंट पर गई थी। आरोपियों ने पीड़िता के सहकर्मी के हाथ बेल्टों से बांध दिए थे। वे पीड़िता को झाड़ियों में ले गए और उसके साथ बलात्कार किया।

अंसारी को दिल्ली के अशोक विहार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। इस बीच फोटो पत्रकार के साथ हुए सामूहिक बलात्कार मामले में दो आरोपियों को आज एक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया जिन्होंने उसे 30 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। आरोपियों मोहम्मद कासिम उर्फ कासिम बंगाली और सिराज रहमान खान को अपराध शाखा के अधिकारियों ने अदालत में पेश किया। सभी के चेहरे काले कपड़े से ढके हुए थे।

मजिस्ट्रेट ने जब उनसे पूछा कि क्या उन्होंने कोई वकील रखा है और क्या उनकी पुलिस के खिलाफ कोई शिकायत है तो उन्होंने इसका जवाब ना में दिया। अपराध शाखा के अधिकारियों ने अदालत को बताया कि आरोपियों से अपराध में उनकी भूमिका के बारे में पूछताछ करने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि पहचान परेड इसके बावजूद भी जरूरी होगी और उनकी हिरासत जरूरी है क्योंकि जांच अभी भी जारी है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, August 25, 2013, 10:22

comments powered by Disqus