मुंबई गैंगरेप : तीसरा आरोपी गिरफ्तार, दो अब भी फरार | Mumbai gang-rape

मुंबई गैंगरेप : तीसरा आरोपी गिरफ्तार, दो अब भी फरार

मुंबई गैंगरेप : तीसरा आरोपी गिरफ्तार, दो अब भी फरारज़ी मीडिया ब्यूरो

मुंबई : मुंबई में महिला पत्रकार से गैंगरेप मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। मुंबई पुलिस ने शनिवार को गैंगरेप के तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम शिराज रहमान है जबकि गैंगरेप के दो अन्य आरोपी कासिम बंगाली और अशफाक अब भी फरार हैं।

इससे पहले पुलिस की अपराध शाखा ने आरोपी विजय जाधव को तड़के मदनपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस आयुक्त सत्यपाल सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘हमने सामूहिक बलात्कार मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। जांच सही दिशा में आगे चल रही है और हमें उम्मीद है कि अन्य फरार आरोपियों को भी जल्द की गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’

हालांकि सिंह ने आरोपी की पहचान उजागर करने से इनकार कर दिया लेकिन पुलिस विभाग के सूत्रों ने बताया कि उसका नाम विजय जाधव है। मामले में पहले गिरफ्तार किए गए 19 वर्षीय बेरोजगार आरोपी की पहचान चांद बाबू सत्तार शेख उर्फ मोहम्मद अब्दुल के रूप में की गई है।

आरोपियों के खिलाफ एकत्र किए गए सबूतों के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, ‘हमारे पास उनके खिलाफ सभी सबूत हैं और हम एक विस्तृत आरोप पत्र दायर करेंगे।’ सिंह ने पीड़िता की हालत के बारे में कहा कि उसका उपचार चल रहा है। पीड़िता जसलोक अस्पताल में भर्ती है।

उन्होंने कहा, ‘उसकी मां ने मुझे बताया है कि वह ठीक है और उसकी हालत में सुधार हो रहा है।’ अब्दुल के परिवार ने दावा किया है कि वह नाबालिग है। इस बारे में पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘हम सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लेने के बाद आपको उसकी प्रोफाइल, उम्र और अन्य संबंधित जानकारी देंगे।’

First Published: Saturday, August 24, 2013, 13:03

comments powered by Disqus