मुंबई गैंगरेप में दूसरा आरोपी गिरफ्तार, तीन की खोज जारी

मुंबई गैंगरेप में दूसरा आरोपी गिरफ्तार, तीन की खोज जारी

ज़ी मीडिया ब्यूरो
मुंबई : मुंबई के महालक्ष्मी इलाके में स्थित शक्ति मिल परिसर में महिला फोटोग्राफर के साथ गुरुवार शाम हुए गैंगरेप मामले में पुलिस ने चार फरार आरोपियों में से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में यह दूसरी गिरफ्तारी है। एक अन्य आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपियों को भोइवाड़ा दण्डाधिकारी अदालत में शनिवार दोपहर पेश किया जाएगा।

घटना की जांच कर रही एन.एम जोशी मार्ग पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दूसरे आरोपी को दक्षिण मध्य मुंबई के मदनपुरा इलाके के एक वीडियो पार्लर से शनिवार सुबह गिरफ्तार किया गया। वह घटना के बाद से इस इलाके में छिपा हुआ था। आधिकारिक रूप से हालांकि उसकी पहचान का खुलासा अब तक नहीं किया गया है।

यह घटना मुंबई के महालक्ष्मी रेलवे स्टेशन के नजदीक बंद पड़ी शक्ति मिल कंपाउंड में उस वक्त हुई थी जब अंग्रेजी पत्रिका में कार्यरत पत्रकार अपने पुरुष सहकर्मी के साथ दफ्तर से मिले काम के सिलसिले में यहां आई थी। महाराष्ट्र के गृहमंत्री आर.आर.पाटिल ने शुक्रवार को कहा था कि पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने के लिए मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत में कराई जाएगी।

मुंबई पुलिस आयुक्त सत्यपाल सिंह ने इसे भयावह घटना करार देते हुए शुक्रवार को मीडियाकर्मियों को आश्वासन दिया था कि सभी फरार आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा। शेष तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय पुलिस और अपराध शाखा के कर्मियों की 20 टीमें गठित की गई हैं।

इस बीच गैंगरेप के खिलाफ जगह-जगह प्रदर्शन का दौर जारी है। शुक्रवार को इस मुद्दे पर राज्यसभा में भी हंगामा हुआ। उधर, मुंबई के जसलोक अस्पताल में हैवानों की हवस की शिकार महिला फोटो पत्रकार ने अपनी मां को शुक्रवार को एक पत्र लिखा है जिसमें उसने अपनी पीड़ा व्यक्त की है। एक न्यूज चैनल के अनुसार पीड़िता ने अपने पत्र में लिखा, `उन्होंने मेरी जिंदगी तबाह कर दी है। मैं जिस शारीरिक और मानसिक यातना से गुजरी हूं, उम्रकैद से कम उनकी सजा से यह पीड़ा दूर नहीं हो सकती।

मुंबई के जसलोक अस्पताल में पीड़िता का इलाज चल रहा है। शुक्रवार को जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक पीड़िता अभी आईसीयू में नहीं है। उसकी हालत में सुधार हो रहा है, लेकिन अभी वह सदमे में है।

First Published: Saturday, August 24, 2013, 08:42

comments powered by Disqus