येदियुरप्पा धड़े ने किया सदानंद गौड़ा पर प्रहार

येदियुरप्पा धड़े ने किया सदानंद गौड़ा पर प्रहार

बेंगलुरु : बी.एस. येदियुरप्पा धड़े ने आज कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीवी सदानंद गौड़ा पर करारा प्रहार किया और उन पर विपक्षी जनता दल सेकुलर के प्रभाव में आने व मंत्रियों को विश्वास में नहीं लेने का आरोप लगाया।

नौ मंत्रियों के इस्तीफा देने के एक दिन बाद इस धड़े ने अपने इस कृत्य के कारण गिनाने का प्रयास किया और समझौता से इनकार किया। उसने दोहराया कि उनके उम्मीदवार जगदीश शेट्टार को मुख्यमंत्री बनाना ही उनकी मांग है। इन नौ मंत्रियों में एक सीएम उदासी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘चाहे विकास का मुद्दा हो, निर्वाचन क्षेत्र या फिर मंत्री पद का, मुख्यमंत्री जदएस (पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा) की शह पर प्रशासन चला रहे हैं।’ उदासी ने कहा कि उनके बर्ताव से स्पष्ट है कि वह जदएस के प्रभाव में हैं।

उन्होंने दोहराया कि मंत्रियों और मुख्यमंत्री के बीच विश्वास की कमी है और पिछले तीन चार महीने में संबंधों में तनाव आ गया है। उदासी ने कहा, ‘मैं कई उदाहरण दे सकता हूं।’ उदासी ने कहा कि शिरडी घाट रोड परियोजना को जापानी मदद से निजी सार्वजनिक साझेदारी से विकसित करने का प्रस्ताव था और इस परियोजना के संबंध में बतौर लोक निर्माण मंत्री उनसे चर्चा की जानी चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

उन्होंने इस बात पर बल दिया कि सदानंद गौड़ा ने दक्षिण कन्नड़ जिले में एक जदएस नेता की शिकायत पर आबकारी मंत्री एमपी रेणुकाचार्य के खिलाफ जांच का आदेश दे दिया जबकि जब एस. सुरेश कुमार ने इस्तीफा दिया तब उन्हें बुलाया गया और उनसे चर्चा की गई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त केंद्रीय उच्चाधिकार समिति ने जब बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ अवैध खनन मामले पर राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी तो सरकार ने 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट भेज दी लेकिन जब अदालत ने तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों (एस एम कृष्णा, एन धरम सिंह और एच डी देवेगौड़ा) के अवैध खनन मामले पर रिपोर्ट मांगी तब अदालत के निर्देश को ही छिपा दिया गया।

उदासी ने कहा कि इस साल मार्च में सदानंद गौड़ा ने पार्टी अध्यक्ष को पत्र लिखकर छह मंत्रियों की शिकायत की थी। जिस तरह उन्होंने बर्ताव किया, उससे स्पष्ट है कि उन्हें हम पर विश्वास नहीं है और हमें भी उनमें विश्वास की कमी है। उनके साथ वे अन्य मंत्री भी थे जिन्होंने कल इस्तीफा दिया। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु से बाहर गयीं ऊर्जा मंत्री शोभा करंदलजे ने भी उनके माध्यम से त्याग पत्र सौंपा है ओर यह मुख्यमंत्री को मिल गया होगा।

उदासी और जल संसाधन मंत्री बसावराज बोम्मई ने इन खबरों का खंडन किया कि नौ मंत्रियों को येदियुरप्पा ने भड़काया है। उदासी ने कहा, ‘यह सफेद झूठ है।’ उन्होंने येदियुरप्पा के खिलाफ लग रहे इस आरोप का खंडन किया कि ताजा संकट के लिए पूर्व मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। श्रम मंत्री बीएन बच्चेगौड़ा ने सदानंद गौड़ा के पक्ष में अपनी ताकत झोंकते हुए ताजा संकट के लिए येदियुरप्पा को जिम्मेदार ठहराया है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, June 30, 2012, 15:28

comments powered by Disqus