Last Updated: Monday, February 11, 2013, 21:23

भांगोर (पश्चिम बंगाल) : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य द्वारा उनकी ईमानदारी पर सवाल उठाए जाने के बाद आज यह कहकर जवाबी हमला किया कि कभी वाम मोर्चा शासन ‘भ्रष्टाचार का पहाड़’ था।
ममता ने यहां गरीबों और अल्पसंख्यकों के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘बहुत सी फाइलें गायब हैं। ढाई लाख करोड़ रुपये का कर्ज लेने वाली पूर्व सरकार भ्रष्टाचार का पहाड़ थी। धन कहां चला गया?’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वे (माकपा) साजिश रच रहे हैं और अफवाह फैला रहे हैं क्योंकि वे सत्ता से बाहर होने के कारण बेचैन हैं। मैं आपसे अफवाहों पर भरोसा नहीं करने का आग्रह करती हूं।’’
यह दावा करते हुए कि वाम मोर्चा ने छह महीने में फिर से सत्ता में वापस आ जाने की बात सोची थी, ममता ने कहा, ‘‘वे (वाम) विकास के मामले में मेरे से तुलना नहीं कर सकते, चाहे यह किसानों का मामला हो या फिर मुसलमानों, उद्योग, अनुसूचित जाति, जनजाति तथा आम आदमी का मामला हो।’’ उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार की उपलब्धियां रामायण और महाभारत को पूरा करने के लिए पर्याप्त होंगी। (एजेंसी)
First Published: Monday, February 11, 2013, 21:23