Last Updated: Monday, January 9, 2012, 07:17
शिमला: हिमाचल प्रदेश के पर्यटक स्थलों शिमला व मनाली में सोमवार को और हिमपात हुआ। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है।
मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने सोमवार को यहां खराब मौसम के चलते अपनी मनाली यात्रा रद्द कर दी। शिमला में 24.6 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया।
स्थानीय मौसम विभाग के मुताबिक शिमला में जहां औसत हिमपात हुआ, वहीं ऊंचाई वाले इलाकों नारकांडा, जुब्बल, कोटकहई व खडा पथर में भारी हिमपात दर्ज किया गया। मनाली में भी औसत हिमपात दर्ज किया गया।
लगातार होती बर्फबारी से शिमला, किन्नौर, चम्बा और कुल्लू जिलों में राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही में रुकावट पैदा हो रही है। हिमपात की वजह से बिजली आपूर्ति लाइनों में गड़बड़ी के कारण शिमला, मनाली, चम्बा और डलहौजी अंधेरे में डूब गए हैं। पाइप फटने से जलापूर्ति भी प्रभावित हुई है। चेल, कसौली, बरोग व सोलन में भी हिमपात दर्ज किया गया।
बीते 24 घंटे के दौरान किन्नौर, लाहौल एवं स्पीति से लेकर चम्बा तक के पूरे क्षेत्र में औसत से लेकर भारी हिमपात दर्ज किया गया।
चण्डीगढ़-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर वकनाघाट के नजदीक यातायात अवरुद्ध है। वकनाघाट शिमला से 20 किलोमीटर की दूरी पर है। इसी तरह चण्डीगढ़-मनाली राजमार्ग पर मनाली से 40 किलोमीटर दूर कुल्लू के नजदीक यातायात व्यवस्था ठप्प हो गई है।
पठानकोट-चम्बा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बानिखेत के नजदीक भारी हिमपात के कारण डलहौजी व चम्बा शहर शेष देश से कटे हुए हैं।
(एजेंसी)
First Published: Monday, January 9, 2012, 12:47