सत्ता में आए तो दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा : भाजपा

सत्ता में आए तो दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा : भाजपा

सत्ता में आए तो दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा : भाजपापणजी : भाजपा ने अपने राजनैतिक प्रस्ताव में दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का आज समर्थन किया। इसे गोवा में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक में स्वीकार किया गया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल ने कहा कि अलग राज्य की मांग को अब तक पूरा नहीं किया गया है।

इस दिशा में पर्याप्त प्रयास करने में विफल रहने का शीला दीक्षित सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘पूर्ण राज्य के दर्जे के अभाव में दिल्ली का विकास सीमित है और कांग्रेस ने अपने 14 वर्षों के कार्यकाल में इस मुद्दे पर कुछ भी नहीं किया है।’ उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए कोई प्रयास नहीं किया।’

गोयल ने कहा कि केंद्र की भाजपा नीत राजग सरकार ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने के लिए 2003 में संसद में एक विधेयक पेश किया था लेकिन दीक्षित ने इसका विरोध किया था। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद पार्टी दिल्ली के लिए पूर्ण राज्य का दर्जा सुनिश्चित करेगी। गोयल ने कहा, ‘दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने से महती जवाबदेही, अधिक संसाधन आएंगे और प्रशासन मुद्दों पर कम भ्रम रहेगा। दुर्भाग्य से दिल्ली में कांग्रेस सरकार ने जानबूझकर शहर की इस बुनियादी आवश्यकता की अनदेखी की है।’ (एजेंसी)

First Published: Monday, June 10, 2013, 00:23

comments powered by Disqus