Last Updated: Thursday, February 16, 2012, 07:56
कोल्लम (केरल) : कोल्लम तट पर समुद्र में इतालवी जहाज पर तैनात सुरक्षा कर्मियों द्वारा जलदस्यु होने के संदेह में कथित तौर पर मारे गए दो मछुआरों के शवों को तटरक्षक और समुद्री प्रवर्तन अधिकारी यहां ले आए हैं। इतालवी जहाज के गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में भारत ने इटली के दूत को तलब किया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि समुद्री अधिकारियों का प्रारंभिक अनुमान है कि इतालवी जहाज पर तैनात सशस्त्र सुरक्षाकर्मियों ने मछुआरों की नौका को जलदस्युओं की नौका समझकर गोली चलाई होगी। ‘एनरिका लेक्सी’ नाम के इतालवी जहाज और इसके चालक दल के सदस्यों को पूछताछ के लिए कोच्चि लाया जा रहा है। शवों को यहां देर रात लाया गया। इस घटना के मद्देनजर तटरक्षक बल ने इतालवी जहाज का पता लगाने के लिए दो जहाजों ‘समर’ और ‘लक्ष्मी बाई’ तथा एक विमान को भेजा। इन्होंने इसका पता लगाकर इससे व्यापक जांच के लिए कोच्चि में लंगर डालने को कहा है।
राज्य सरकार ने मृत मछुआरों अजेश बिंकी (25) और जैलेस्टीन (45) के परिजनों को पांच लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है। ये मछुआरे कोलाचल के रहने वाले थे, लेकिन पिछले कई साल से केरल में रह रहे थे। जिला प्रशासन ने तत्काल राहत के रूप में प्रत्येक मृतक के परिजनों को 10-10 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की। नौका में सवार अन्य मछुआरों ने बताया कि इसमें 11 मछुआरे सवार थे जिनमें से दो गोलीबारी की चपेट में आ गए। कन्याकुमारी , तमिलनाडु के कोलाचल क्षेत्र के निवासी ये मछुआरे दो दिन पहले कोल्लम जिले के नींदकारा से समुद्र में गए थे।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, February 16, 2012, 14:47