Last Updated: Sunday, May 12, 2013, 18:39

मुंबई : चार दशक पहले पर्दे पर आई `जंजीर` ने न केवल टिकट खिड़कियों पर धमाल मचाया था, बल्कि अमिताभ बच्चन की तकदीर भी बदल दी थी। सबसे बड़ी बात कि इसी फिल्म के बाद अमिताभ को `एंग्री यंग मैन` कहा जाने लगा। इस फिल्म के 40 वर्ष पूरा होने पर अमिताभ खुश हैं।
इस मौके पर उन्होंने सभी को धन्यवाद दिया है। `जंजीर` 11 मई 1973 को रिलीज हुई थी। इसमें अमिताभ ने पुलिस अधिकारी विजय का किरदार निभाया था। लगातार कई फिल्मों के पिटने के बाद यह अमिताभ की यह पहली सफलतम फिल्म थी। प्रकाश मेहरा की एक्शन-रोमांच आधारित इस फिल्म के बाद अमिताभ ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
अमिताभ बच्चन ने सोशल नेटवर्किं ग साइट ट्विटर पर लिखा, "40 वर्ष हो गए `जंजीर` को रिलीज हुए.. इसने पूरी तरह मेरी जिंदगी और दुनिया बदल दी.. सलीम-जावेद (लेखक द्वय) और प्रकाश जी को धन्यवाद।"
अमिताभ ने `जंजीर` के पहले 1971 की सफल फिल्म `आनंद` से लोगों का ध्यान खींचा था। लेकिन वह `जंजीर` ही थी` जिसने उन्हें स्टार का रुतबा दिलाया था। इसके बाद उन्होंने `अभिमान`, `दीवार`, `शोले`, `मिली`, `नमक हराम` और `चुपके चुपके` जैसे कई सफल फिल्में दी।
जंजीर में जया बच्चन, ओम प्रकाश, बिंदु और अजीत ने काम किया था।
अब प्रकाश मेहरा के बेटे अमित `जंजीर` का नया संस्करण बना रहे हैं। इसका निर्देशन अपूर्व लखिया कर रहे हैं। दक्षिण भारत के अभिनेता राम चरण तेजा अमिताभ वाले किरदार को निभाएंगे। फिल्म में संजय दत्त और प्रियंका चोपड़ा की भी भूमिका है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, May 12, 2013, 18:39