शिमला: कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में सत्ता में वापसी के लिए तैयार है। राज्य विधानसभा की कुल 68 सीटों में से तीन पर पार्टी को जीत मिली है जबकि वह 35 सीटों पर आगे चल रही है। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के मुताबिक सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी अब तक तीन सीटें जीती हैं और 20 निर्वाचन क्षेत्रों में बढ़त बनाए हुए है।
निर्दलीय, खासकर भाजपा के बागी उम्मीदवारों को चार सीटों पर जीत मिली हैं। कांग्रेस के भी एक बागी व निर्दलीय उम्मीदवार किर्नेश जंग को पोंटा साहिब सीट से विजयी घोषित किया गया है।
मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल हमीरपुर से जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के नरेंद्र ठाकुर को 9,000 से ज्यादा मतों से हराया।
कांग्रेस नेता व राज्य में पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके वीरभद्र सिंह शिमला (ग्रामीण) सीट पर भारी अंतर से आगे चल रहे हैं। उन्हें राज्य में सरकार बनने का पूरा विश्वास है। उन्होंने मीडिया से कहा, "हम अगली सरकार बना रहे हैं।"
कांग्रेस को बिलासपुर, गाग्रेट व बैजनाथ में जीत मिली है जबकि भाजपा को नहान, मनाली व हमीरपुर में जीत मिली है।
कांग्रेस से सात बार विधायक रह चुकीं विद्या स्टोक्स, राज्य कांग्रेस के पूर्व प्रमुख कालू सिंह व राज्य भाजपा के नेता सतपाल सत्ती शुरुआत में जहां पिछड़ रहे थे, वहीं अब इन नेताओं ने बढ़त बना ली है।
आगे चल रहे निर्दलीय उम्मीदवारों में बलबीर सिंह वर्मा (चौपाल), भाजपा के बागी नेताओं में कांगड़ा से भाजपा सांसद राजन सुशांत की पत्नी सुधा सुशांत (फातेहपुर), राकेश पठानिया (नूरपुर) व दर्शन सैनी (दून) शामिल हैं।
वर्ष 2007 में भाजपा ने 41 सीटें, कांग्रेस ने 23, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने एक व निर्दलियों ने तीन सीटें जीती थीं। बसपा विधायक बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। (एजेंसी)
First Published: Thursday, December 20, 2012, 13:47
|